गर्मी के दिनों में गन्ने के जूस का सेवन एनर्जी बूस्टर ड्रिंक के रूप में जाना जाता है। गन्ने के जूस में कई प्रकार की पोषकता समाहित होती है जो आपके शरीर को स्वस्थ रखने के साथ कई प्रकार की बीमारियों से बचाने में भी सहायक है। पर क्या आप जानते हैं कि भीषण गर्मी में शरीर को तरावट देने वाला यह जूस कुछ लोगों की स्वास्थ्य के लिए समस्याएं भी बढ़ा सकता है?
Health Tips: सेहत के लिए फायदेमंद गन्ने के जूस के इन साइड-इफेक्टस को जानिए, ऐसे लोगों को नहीं पीना चाहिए
अधिक कैलोरी बढ़ा सकती है मोटापा
गन्ने के सेवन से वैसे तो कई प्रकार के लाभ हैं, पर कुछ अध्ययनों में जिक्र मिलता है कि इसमें कैलोरी और शर्करा की मात्रा अधिक होती है। शोध से पता चलता है कि गन्ने के जूस में लगभग 270 कैलोरी, लगभग 100 ग्राम चीनी की मात्रा हो सकती है। ऐसे में इसके अधिक या लगातार सेवन की आदत आपमें मोटापे के खतरे को बढ़ा सकती है। कैलोरी और शर्करा दोनों की अधिकता मोटापे का कारण मानी जाती है, हालांकि इसको प्रमाणित करने के लिए और अधिक शोध की आवश्यकता है।
नींद विकारों से परेशान लोगों को कम करना चाहिए सेवन
कुछ अध्ययनों से पता चलता है कि गन्ने के जूस का सेवन आपमें अनिद्रा के खतरे को बढ़ा सकती है। गन्ने के रस में पोलीकोसानॉल पाया जाता है। इस रसायनिक यौगिक का लंबे समय तक सेवन करते रहना नींद विकारों के खतरे को बढ़ा देता है। इसके अलावा एक शोध में पता चलता है कि पोलिकोसानॉल, कोलेस्ट्रॉल के उत्पादन को भी कम कर देता जिससे बैड कोलेस्ट्रॉल के बढ़ने का खतरा हो सकता है।
रक्तचाप की दवा ले रहे रोगी भी बरतें सावधानी
यदि आप पहले से ही खून को पतला करने वाली किसी दवा का सेवन कर रहे हैं तो अधिक मात्रा में गन्ने के जूस का सेवन आपकी दिक्कतों को बढ़ा सकता है। गन्ने के रस में मौजूद पोलीकोसैनॉल स्वाभाविक रूप से आपके खून को पतला बनाती है। इस प्रकार इसका अधिक सेवन रक्त का थक्का बनाने की क्षमता को कम कर सकती है, जिससे चोट लगने की स्थिति में अत्याधिक रक्तस्राव हो सकता है। इस बारे में अपने डॉक्टर से सलाह जरूर ले लें।
डायबिटीज में गन्ने के जूस का सेवन
गन्ने के जूस में सुक्रोज और कैलोरी की मात्रा अधिक होती है, ऐसे में इसके सेवन से ब्लड शुगर लेवल बढ़ने का खतरा हो सकता है। हालांकि इसके विपरीत कुछ अध्ययनों में दावा किया जाता रहा है कि गन्ने का ग्लाइसेमिक इंडेक्स (43) कम होता है, ऐसे में इससे ब्लड शुगर नहीं बढ़ता। अध्ययनों में स्पष्टता न होने के कारण यदि आप डायबिटीज रोगी हैं तो गन्ने के जूस के सेवन के बारे में डॉक्टर से सलाह जरूर ले लें।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।