हृदय रोग वैश्विक स्तर पर बढ़ती गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं में से एक है। साल-दर साल इसका खतरा बढ़ता हुआ देखा जा रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, जिस तरह से हम सबकी लाइफस्टाइल और आहार में गड़बड़ी देखी जा रही है, ऐसे में इसके जोखिमों के और बढ़ने की आशंका है। हृदय रोगों के खतरे को लेकर अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन ने सभी लोगों को सावधानी बरतते रहने की सलाह दी है।
Heart Disease: साल 2050 तक 10 में से 6 लोग हो सकते हैं हृदय रोगों के शिकार, मोटापा-स्ट्रोक का भी बढ़ेगा जोखिम
क्या कहती हैं विशेषज्ञ?
अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन की मुख्य कार्यकारी अधिकारी नैन्सी ब्राउन ने एक बयान में कहा, अध्ययन के निष्कर्षों से पता चलता है कि अगर समय रहते हमने अपनी आदतों और हृदय रोग के जोखिम कारकों में सुधार नहीं किए तो हृदय रोग और स्ट्रोक के कारण भयानक मानवीय और आर्थिक नुकसान हो सकता है। ये जोखिम किसी एक देश तक सीमित नहीं हैं बल्कि दुनियाभर में हृदय रोगों के बढ़ते जोखिम देखे जा रहे हैं।
गौरतलब है कि भारत में भी पिछले कुछ वर्षो में, विशेषतौर पर कोरोना महामारी के बाद से कम उम्र के लोगों में हृदय रोग-हार्ट अटैक के कारण मौत के मामले बढ़ते देखे गए हैं।
स्ट्रोक-ब्लड प्रेशर और मोटापे की भी खतरा
हार्ट एसोसिएशन की रिपोर्ट में बताया गया है कि अमेरिका में साल 2020 में 10 मिलियन (एक करोड़) लोगों में स्ट्रोक के मामले रिपोर्ट किए गए थे, हालांकि साल 2050 तक स्ट्रोक के शिकार लोगों की संख्या दोगुनी हो सकती है। इसके अलावा उच्च रक्तचाप 61% वयस्कों को प्रभावित करेगा और मधुमेह की दर 16% से बढ़कर 27% हो सकती है। इसके अलावा साल 2050 तक 61% लोगों में मोटापे की समस्या हो सकती है जिसकी दर साल 2020 में 43% थी।
स्वस्थ हृदय के लिए ये आठ सुझाव
अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन ने जीवनशैली में सुधार के लिए आठ सुझाव दिए हैं, जिनका पालन करके हृदय रोगों के जोखिमों को कम करने में मदद मिल सकती है।
- रात में 7 से 9 घंटे की निर्बाध नींद लेना जरूरी।
- स्वस्थ और पौष्टिक चीजों का सेवन करें। DASH डाइट के भी लाभ हैं।
- सप्ताह में कम से कम 150 मिनट व्यायाम जरूर करें।
- रक्त शर्करा और मधुमेह के जोखिम को प्रबंधित करें।
- बॉडी मास इंडेक्स 25 से कम रखना और स्वस्थ वजन बनाए रखें।
- कोलेस्ट्रॉल के स्तर को 130 mg/dL से नीचे रखने के लिए प्रयास करते रहना।
- रक्तचाप को 120/80 mmHg से नीचे रखने की कोशिश।
- धूम्रपान और शराब से बिल्कुल दूरी बना लें।
हृदय को स्वस्थ रखने के लिए सुधारें आदत
अध्ययन के लेखकों ने कहा, हृदय को स्वस्थ रखने के लिए सिगरेट पीने की आदत छोड़ना सबसे जरूरी है। ये हृदय और रक्त वाहिकाओं के लिए गंभीर समस्याएं बढ़ाने वाली आदत पाई गई है। कुछ अध्ययनों में कहा गया है कि सिगरेट पीने की प्रवृत्ति में कमी आई है लेकिन अब भी बड़ी संख्या में लोग धूम्रपान कर रहे हैं। आहार में सुधार करना, नमक वाली चीजों का सेवन कम करना और नियमित व्यायाम से हृदय स्वास्थ्य को ठीक रखा जा सकता है। सभी उम्र के लोगों को हृदय स्वास्थ्य को लेकर निरंतर प्रयास करते रहने की आवश्यकता है।
--------------
स्रोत और संदर्भ
Forecasting the Burden of Cardiovascular Disease and Stroke in the United States Through 2050
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।