बदलती दिनचर्या के कारण युवाओं में तनाव बढ़ रहा है। लिहाजा वे कई बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं।काम और जीवन के बीच संतुलन ना बना पाना, ऑफिस के काम का ज्यादा प्रेशर होना और हर छोटी बात पर ज्यादा सोचना तनाव का बड़ा कारण बनता जा रहा है। अगर इसका समाधान जल्दी नहीं निकाला गया तो कब डिप्रेशन का शिकार हो जाएंगे आपको पता नहीं चलेगा।
हर बात पर तनाव लेने की हो चुकी है आदत, 'नेचर पिल्स' की मदद से चुटकियों में हो जाएंगे ठीक
हालांकि, चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है आप बिना डॉक्टर और दवाइयों की मदद से तनावमुक्त हो सकते हैं। एक शोध की माने तो प्राकृतिक स्थान पर सिर्फ 20 मिनट बिताकर वे तनाव कम कर सकते हैं। हाल ही में हुए शोध में पाया गया है कि प्रकृति का साथ तनाव कम करने में बेहद असरदार है। इसे शोधकर्तओं ने 'नेचर पिल्स' नाम दिया है।
शोध में कहा गया है कि ये नेचर पिल्स इंसान की बेहतरी के लिए असरदार भूमिका निभाने में सक्षम है। यह शोध जर्नल 'फ्रंटियर्स इन साइकोलॉजी' में प्रकाशित हुआ है। मिशिगन विवि के एक प्रोफेसर के मुताबिक प्रकृति में समय बिताने से तनाव में कमी आ सकती है, लेकिन अभी तक यह पता नहीं था कि इसके लिए कितना वक्त पर्याप्त होता है।तनाव वाले हार्मोन कॉर्टीसोल का स्तर पर्याप्त रूप से कम करने के लिए हमें 20 से 30 मिनट ऐसी जगह बैठना होगा या चलना होगा, जहां हरियाली हो पेड़-पौधे हों और शांति प्राप्त हो।
-अपने आसपास के वातावरण का ख्याल रखें। किसी भी माहौल को खुद पर हावी न होने दें।
-अपने आप को प्यार करना सीखें। अपनी कमियों को सुधारने की कोशिश करें, उन्हें दिल से लगाकर ना बैठें।
-काम के बीच से खुद को छुट्टी भी दें। अगर आप कोई अच्छा काम करते हैं, तो आपको चाहिए कि खुद को ईनाम दें।
-पूरी नींद लें, तनाव दूर करने के लिए यह बहुत जरूरी है। रात को सात से आठ घंटे की नींद आपको सुबह ताजा उठाती है और आप दिन भर खुद को बेहतर महसूस करते हैं।
-संतुलित आहार लें। उच्च कैलोरी युक्त भोजन से दूर रहें। ऐसा आहार जिसमें वसा और शर्करा की मात्रा काफी अधिक हो, वह आपके लिए नुकसानदेह हो सकता है।
-तनाव को दूर करने के लिए दवाओं और अल्कोहल का सेवन न करें।