बढ़ता वजन मौजूदा समय की सबसे आम समस्याओं में से एक है। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक सभी इसका शिकार देखे जा रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को वजन कम करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहने की सलाह देते हैं। बढ़े हुए वजन को हृदय रोग, डायबिटीज से लेकर मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं और कैंसर जैसी बीमारियों को भी बढ़ाने वाला माना जाता रहा है। अपने कई कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सभी लोगों से वजन कम करने की अपील करते रहे हैं।
Health Tips: वजन घटाने के लिए काफी चर्चा में है OMAD डाइट, जानिए आप कैसे पा सकते हैं इसका लाभ
बिग बॉस में नजर आईं प्रतिभागी शिल्पा शिरोडकर ने अविश्वसनीय रूप से वजन घटाकर लोगों का ध्यान आकृष्ट किया है। एक इंटरव्यू में शिल्पा ने बताया कि वह OMAD डाइट का पालन कर रही हैं, जानिए क्या है ये डाइट प्लान और क्या हैं इसके फायदे।
शिल्पा शिरोडकर ने किया वेट लॉस
शिल्पा शिरोडकर ने खुलासा किया कि उनका वजन कम होना बिग बॉस के घर के अंदर से ही शुरू हुआ था। उन्होंने बताया कि साथी प्रतियोगी अविनाश मिश्रा जिस तरह से घर के लिए राशन का बंटवारा करते थे और घर के भीतर का खानपान जैसा हो गया था, इससे अनजाने में उन्हें शो के दौरान 11 किलो वजन कम करने में मदद मिली। बाहर आने के बाद, उन्होंने अपनी फिटनेस यात्रा जारी रखी और 2 किलो और कम किया।
शिल्पा कहती हैं, अपना वजन कंट्रोल बनाए रखने और फिट रहने के लिए मैं दृढ़ संकल्पित हूं और खान-पान का विशेष ध्यान रखती हूं।
A post shared by Shilpa Shirodkar Ranjit (@shilpashirodkar73)
OMAD डाइट प्लान क्या है?
अपने डाइट प्लान के बारे में शिल्पा बताती हैं कि इंटरमिटेंट फास्टिंग और पोर्शन कंट्रोल जैसी चीजें भी वेट लॉस में काफी सहायक हैं। शिल्पा ने OMAD (वन मील ए डे) डाइट को अपनाया है। इसमें पूरे दिन में सिर्फ एक बार खाना खाना होता है, जिससे डेली कैलोरी इंटेक को कम करने में मदद मिल सकती है।
दिन में एक बार भोजन करना एक प्रकार का इंटरमिटेंट फास्टिंग है जो एक निश्चित समय अवधि के दौरान कैलोरी इंटेक को सीमित करता है। यह वजन घटाने के अलावा कई अन्य स्वास्थ्य लाभ प्रदान कर सकता है।
ओएमएडी डाइट प्लान के क्या फायदे हैं?
ओएमएडी डाइट प्लान में एक भोजन करना और बाकी दिन उपवास करना होता है। उपवास अवधि की अवधि के दौरान हल्की मात्रा में पौष्टिक चीजों का सेवन किया जा सकता है। इस प्रकार का डाइट कैलोरी इंटेक को कम कर देता है जिससे वजन कम करने में मदद मिल सकती है।
हृदय रोग के जोखिम कारकों को कम करने, रक्त शर्करा को कंट्रोल करने और शरीर में इंफ्लेमेशन को कम करने में भी इससे लाभ मिल सकता है।
डाइट में बदलाव के कई सारे लाभ
इस तरह की डायटिंग कितनी लाभकारी हो सकती है इसे जानने के लिए साल 2022 में स्वस्थ और दुबले-पतले लोगों पर अध्ययन किया गया। शोधकर्ताओं ने पाया कि एक निश्चित समयावधि में ही अगर कैलोरी इंटेक कम कम कर लिया जाए तो इससे बॉडी फैट और कुल शरीर के वजन में काफी कमी आ सकती है। वजन घटाने के अलावा, शोधकर्ताओं ने इसे शुगर और बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने में भी लाभकारी पाया है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।