शरीर को स्वस्थ और फिट रखने के लिए लोग कई तरह के प्रयास करते रहते हैं। खान-पान से लेकर नियमित जिम जैसे उपाय निश्चित ही जरूरी हैं पर कुछ सावधानियों का भी ध्यान रखना चाहिए। ज्यादा से ज्यादा प्रोटीन लेने को अक्सर लोग फिटनेस के लिए सबसे जरूरी मानते हैं। वजन घटाने की कोशिश कर रहे लोग हों या फिर मसल्स बनाने की चाहत, हाई-प्रोटीन डाइट की काफी चर्चा रहती है।
Health Alert: फिटनेस के चक्कर में कहीं किडनी तो नहीं कर रहे खराब? जान लीजिए ये बातें
शरीर को प्रोटीन की जरूरत जरूर होती है, लेकिन किसी भी पोषक तत्व की तरह इसकी भी एक सीमा होती है। जरूरत से ज्यादा प्रोटीन लेने पर शरीर को उसका अतिरिक्त बोझ उठाना पड़ता है और इसका सबसे बड़ा असर किडनी पर पड़ सकता है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
किडनी की बढ़ती समस्याएं
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, किडनी खून को फिल्टर करके और शरीर से अपशिष्ट पदार्थों को बाहर निकालने का काम करती है। हालांकि लंबे समय तक जरूरत से ज्यादा प्रोटीन का सेवन करने से किडनी को अपशिष्ट पदार्थों को बाहर निकालने के लिए अधिक मेहनत करनी पड़ती है।
- इससे फिल्ट्रेशन पर अतिरिक्त दबाव बढ़ सकता है। कुछ मामलों में क्रिएटिनिन और यूरिया जैसे स्तर बढ़ने लगते हैं, जो किडनी की कार्यप्रणाली पर असर का संकेत हो सकते हैं।
- विशेषज्ञ यह भी मानते हैं कि पशुओं से मिलने वाले अत्यधिक प्रोटीन का सेवन कुछ लोगों में किडनी स्टोन के खतरे को बढ़ा सकता है।
ज्यादा प्रोटीन लेने से किडनी पर कैसे पड़ता है असर?
अध्ययनों में पाया गया है कि अत्यधिक हाई-प्रोटीन डाइट से किडनी की कार्यक्षमता प्रभावित हो सकती है।
- जिन लोगों को पहले से किडनी रोग, डायबिटीज या हाई ब्लड प्रेशर है, उनमें यह अतिरिक्त दबाव समस्या को बढ़ा सकता है।
- इसके अलावा, पर्याप्त पानी न पीने और बहुत ज्यादा पशु-आधारित प्रोटीन लेने से कुछ लोगों में कैल्शियम और यूरिक एसिड से संबंधित पथरी बनने का जोखिम बढ़ सकता है।
कितना प्रोटीन लेना चाहिए?
एक सामान्य स्वस्थ वयस्क के लिए प्रतिदिन प्रति किलोग्राम शरीर के वजन पर लगभग 0.8 ग्राम प्रोटीन पर्याप्त माना जाता है।
- यदि किसी व्यक्ति का वजन 60 किलोग्राम है, तो उसे लगभग 48 ग्राम प्रोटीन प्रतिदिन की आवश्यकता हो सकती है।
- हालांकि यह मात्रा उम्र, शारीरिक गतिविधि, बीमारी और मांसपेशियों की स्थिति के अनुसार बदल सकती है।
- जो लोग नियमित रूप से भारी व्यायाम करते हैं या एथलीट हैं, उन्हें विशेषज्ञ की सलाह के अनुसार अधिक प्रोटीन की आवश्यकता हो सकती है।
किडनी को हेल्दी कैसे रखें?
किडनी को स्वस्थ रखने के लिए संतुलित जीवनशैली सबसे महत्वपूर्ण है।
- पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, जरूरत के अनुसार प्रोटीन लेना और अत्यधिक नमक तथा अल्ट्रा-प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थों से दूरी बनाना फायदेमंद हो सकता है।
- नियमित शारीरिक गतिविधि, स्वस्थ वजन बनाए रखना और धूम्रपान व अत्यधिक शराब से बचना भी किडनी की सुरक्षा में मदद करता है।
- यदि किसीको डायबिटीज या हाई ब्लड प्रेशर है, तो इन बीमारियों को नियंत्रित रखना भी बेहद जरूरी है।
- बिना डॉक्टर की सलाह के दर्द निवारक दवाओं या सप्लीमेंट्स का सेवन नुकसान पहुंचा सकता है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।