शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को विशेषज्ञ एक दूसरे का पूरक मानते हैं। इसमें से एक में भी होने वाली समस्या का असर दूसरे की सेहत पर हो सकता है। यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को शारीरिक और मानसिक दोनों तरह की सेहत पर ध्यान देने की सलाह देते हैं। हालांकि आंकड़े बताते हैं कि ज्यादातर लोग मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं की या तो पहचान नहीं कर पाते हैं या फिर उन्हें नजरअंदाज कर देते हैं। यही कारण है कि पिछले कुछ वर्षों में, विशेषकर कोरोना महामारी के बाद से चिंता-तनाव और अवसाद जैसी स्वास्थ्य समस्याओं के मामले काफी तेजी से बढ़ते हुए देखे जा रहे हैं।
Health Tips: मन-मस्तिष्क को आवश्यक पोषण देते हैं ये आहार, बौद्धिक क्षमता और मानसिक स्वास्थ्य के लिए लाभकारी
मस्तिष्क को स्वस्थ रखने के लिए खाएं नट्स
आहार विशेषज्ञों का कहना है कि सभी लोगों को रोजाना नट्स का सेवन जरूर सुनिश्चित करना चाहिए। जिस प्रकार से हमारे शरीर को पोषण की आवश्यकता होती है, वैसे ही मस्तिष्क को भी स्वस्थ रहने और ठीक से काम करने के लिए इसकी जरूरत होती है। अखरोट, भीगे हुए बादाम, किशमिश, खजूर जैसे सूखे मेवे मानसिक स्वास्थ्य के लिए काफी लाभकारी माने जाते हैं। अखरोट जैसे नट्स के सेवन को बौद्धिक विकास के लिए बहुत कारगर माना जाता है।
ये जड़ी-बूटियां भी हैं कारगर
आयुर्वेद में कई ऐसी औषधियों और जड़ी-बूटियों का भी जिक्र मिलता है जिनका सेवन करना शारीरिक और मानसिक दोनों प्रकार की सेहत को गजब का बूस्ट देने के लिए जाना जाता है। आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियां मस्तिष्क की सीखने की तीनों क्षमताओं (धी, धृति और स्मृति) को बढ़ाने और उनमें होने वाली स्थितियों में सुधार करने के लिए जानी जाती है। तनाव-चिंता को दूर करके बौद्धिक विकास को बढ़ावा देने के लिए भी इन औषधियों को काफी गुणकारी पाया गया है।
एंटीऑक्सिडेंट युक्त फल-सब्जियां
दिमाग को स्वस्थ रखने और ठीक से काम करने में मदद करने के लिए एंटीऑक्सिडेंट युक्त खाद्य पदार्थों की आवश्यकता होती है। ये आपके मस्तिष्क को स्वस्थ रखने के साथ-साथ शरीर की कोशिकाओं को फ्री रेडिकल्स से होने वाली क्षति से बचाने में सहायक है। एंटीऑक्सिडेंट फ्री रेडिकल्स को बेअसर करने और आपके मन की स्थिति को संतुलित करने में बहुत कारगर माने जाते हैं। गुलाबी और लाल रंग की फल और सब्जियां, जैसे तरबूज और टमाटर एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होते हैं।
हर्बल-टी से पा सकते हैं लाभ
कई प्रकार के औषधीय पेय को अध्ययनों में शरीर के लिए बहुत कारगर पाया गया है। हर्बल-टी के गुण मस्तिष्क को पोषण देने के साथ मानसिक शक्ति और याददाश्त को बढ़ाने में भी आपके लिए विशेष फायदेमंद माने जाते हैं। अजवाइन, लौंग, दालचीनी, काली मिर्च और तुलसी जैसी औषधियों से तैयार की गई हर्बल टी इम्युनिटी को बढ़ाने के साथ मन-मस्तिष्क को स्वस्थ और फिट बनाए रखने में मददगार मानी जाती है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।