देश में महिलाओं-पुरुषों के बीच किए गए नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे में हैरान करने वाले आंकड़े सामने आए हैं। 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में किए गए इस सर्वे में पुरुषों की तुलना में महिलाओं के अधिक यौन साथी पाए गए। सर्वे की रिपोर्ट के मुताबित 4 फीसदी पुरुषों के संबंध ऐसी महिलाओं से पाए गए जो न तो उनकी पत्नी थीं न ही वे लिव-इन रिलेशन में साथ में रहते थे। इस मामले में महिलाओं का आंकड़ा 0.5 फीसदी रहा।
NFHS Report: एक से अधिक सेक्स पार्टनर्स को लेकर हैरान करने वाले आंकड़े, क्या इससे मंकीपॉक्स संक्रमण का खतरा?
मंकीपॉक्स बढ़ने का खतरा
एक से अधिक सेक्स पार्टनर्स का यह आंकड़ा इसलिए भी विचार योग्य है क्योंकि देश के कई हिस्सों में पिछले दिनों मंकीपॉक्स संक्रमण के मामले रिपोर्ट किए गए हैं। अध्ययनों से पता चलता है कि मंकीपक्स संक्रमण फैलने का जोखिम एक से अधिक व्यक्तियों से यौन संबंध रखने वालों में अधिक हो सकता है। नाम न छापने की शर्त पर एक डॉक्टर ने बताया कि अधिक सेक्स पार्टनर्स का यह आंकड़ा देश में मंकीपॉक्स संक्रमण के जोखिम को बढ़ावा देने वाला भी हो सकता है। देश में मंकीपॉक्स के मामले सामने आने के लिए तो इसे सीधे तौर पर जिम्मेदार कारण नहीं माना जा सकता है पर इससे होने वाले खतरे को अनदेखा भी नहीं किया जाना चाहिए।
मल्टीपल सेक्स पार्टनर्स और मंकीपॉक्स
न्यू इंग्लैंड जर्नल ऑफ मेडिसिन में प्रकाशित शोध में वैज्ञानिकों ने मल्टीपल सेक्स पार्टनर्स और मंकापॉक्स के खतरे को लेकर सावधान किया है। 528 मंकीपॉक्स संक्रमितों पर किए गए इस अध्ययन में पाया गया कि 95 प्रतिशत मामले यौन संचरण के माध्यम से प्रसारित हुए थे, हालांकि संक्रमितों में से 98 प्रतिशत समलैंगिक या उभयलिंगी पुरुष थे।
इस विषय पर विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक टेड्रोस एडनॉम घेबियस ने एक रिपोर्ट में बताया कि फिलहाल यह एक ऐसा प्रकोप है जो पुरुषों के बीच केंद्रित है। पुरुषों के साथ यौन संबंध रखने वाले अन्य पुरुष साथी में यह संक्रमण अधिक तेजी से फैलता हुआ देखा गया है।
मल्टीपल सेक्स पार्टनर्स से होने वाले नुकसान
अध्ययनों में एक से अधिक यौन साथी होने को कई प्रकार से नुकसानदायक बताया गया है। शोधकर्ताओं ने पाया कि ऐसे लोगों में प्रोस्टेट और सर्वाइकल कैंसर का खतरा अधिक हो सकता है। इसके अलावा इसे एचआईवी संक्रमण और यौन संचारित रोगों (एसटीडी) के अधिक जोखिम वाला भी पाया गया है।
---------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।