शरीर को स्वस्थ रखने के लिए आहार का स्वस्थ होना आवश्यक माना जाता है। शोधकर्ताओं ने बताया कि आप जिस तरह के भोजन का सेवन करते हैं, उसका सीधा असर सेहत पर होता है। यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को स्वस्थ और पौष्टिक चीजों को खाने की सलाह देते हैं।
Vegetarian vs Nonvegetarian: शाकाहारी या मांसाहारी, कौन सा आहार सबसे फायदेमंद? मिल गया जवाब
किस तरह का आहार अधिक लाभकारी?
द अमेरिकन जर्नल ऑफ क्लिनिकल न्यूट्रिशन में प्रकाशित हुए शोध में विशेषज्ञों ने बताया, सोचने के कौशल, मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य में सुधार के साथ टाइप-2 डायबिटीज जैसी गंभीर और क्रोनिक बीमारियों के खतरे को कम करने के लिए प्लांट बेस्ड आहार का सेवन करना लाभकारी पाया गया है।
शोधकर्ताओं ने 1984 से 2016 तक महिला स्वास्थ्य पेशेवरों पर ये अध्ययन किया, अध्ययन की शुरुआत में प्रतिभागी 38 से 59 वर्ष के बीच के थे और इन्हें किसी भी प्रकार की शारीरिक या मानसिक स्वास्थ्य समस्या नहीं थी।
अध्ययन में क्या पता चला?
शोध के अंत में अध्ययन में शामिल हर तीन में से एक महिला को क्रोनिक बीमारियों से मुक्त पाया गया। लेकिन लगभग 85% महिलाओं में शारीरिक कार्य संबंधी दिक्कतें विकसित हुईं और लगभग दो-तिहाई महिलाओं की मानसिक स्वास्थ्य स्थिति अच्छी नहीं थी।
टफ्ट्स यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिक और प्रमुख अध्ययनकर्ता एंड्रेस अर्डिसन कोराट कहते हैं, मध्य जीवनकाल में प्रोटीन का सेवन वृद्धावस्था में स्वास्थ्य को बेहतर रखने में मददगार पाया गया है। हमने यह भी पाया कि प्रोटीन का स्रोत विशेष मायने रखता है। पौधों के स्रोतों से अधिकांश प्रोटीन प्राप्त करना अच्छे स्वास्थ्य और लंबी आयु में सहायक हो सकता है।
कम उम्र से ही आहार में करें सुधार
शोधकर्ताओं ने इस अध्ययन में विशेष रूप से प्रोटीन के सेवन पर ध्यान दिया। सब्जियां, फल, अनाज, नट्स, बीन्स आदि से प्राप्त प्रोटीन को अधिक लाभकारी प्रभावों वाला पाया गया। विश्लेषण से पता चला कि प्लांट बेस्ड डाइट से प्रोटीन के साथ अन्य आवश्यक पोषक तत्व भी प्राप्त होते हैं जिससे गंभीर और क्रोनिक बीमारियों का जोखिम कम किया जा सकता है।
पशु मांस से प्राप्त प्रोटीन की तुलना में पौधों से मिलने वाले प्रोटीन से स्वस्थ और लंबी आयु की संभावना 46% अधिक हो सकती है।
क्या है शोध का निष्कर्ष?
अध्ययन के निष्कर्ष में वैज्ञानिकों ने बताया, प्लांट बेस्ड डाइट आपके लिए ज्यादा लाभकारी हो सकता है। कम उम्र से ही आहार में सुधार पर ध्यान देना 40-50 की आयु के बाद होने वाले हृदय रोग, डायबिटीज जैसी समस्याओं को कम करने में सहायक हो सकता है। लेखकों ने कहा अध्ययन में शामिल ज्यादातर महिलाएं श्वेत थीं। अन्य आबादी पर आहार का किस प्रकार से असर होता है इसे जानने के लिए विस्तृत अध्ययन की आवश्यकता है।
--------------
स्रोत और संदर्भ
Dietary protein intake in midlife in relation to healthy aging – results from the prospective Nurses’ Health Study cohort
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।