फेसबुक के सीईओ मार्क जुकरबर्ग बिजनेस की दुनिया का बड़ा नाम हैं, लाज़मी है कि उनकी फैन फॉलोइंग भी काफी अधिक होगी। उन्होंने हाल में ही अपनी दिनचर्या के बारे में एक पोस्ट शेयर किया है, जो काफी चर्चा में है। जुकरबर्ग ने बताया कि वह बिल्कुल कॉफी नहीं पीते हैं और उनका कैफीन इनटेक "जीरो" है। हाल ही में लॉन्च थ्रेड ऐप पर एक पोस्ट में जुकरबर्ग ने लिखा, सुबह उठने के बाद वह अपने दिमाग को फ्रेश करने के लिए मिक्स्ड मार्शल आर्ट (एमएमए) ट्रेनिंग करते हैं। भोजन में खूब सारा प्रोटीन लेते हैं और रोजाना 7-8 घंटे सोते हैं।
सेहत की बात: मार्क जुकरबर्ग ने बताया- उनका कैफीन इनटेक है 'जीरो', जानिए यह सेहत के लिए कितना फायदेमंद?
क्या होता है कैफीन?
कैफीन उत्तेजक प्रभाव वाला एक प्राकृतिक रसायन है। यह कॉफी, चाय, कोला, कोको, जैसे उत्पादों में पाया जाता है, जो थकान को कम करता है, सतर्कता बढ़ाता है और ऊर्जा प्रदान करता है। कैफीन का सेवन करना चाहिए या नहीं, यह वास्तव में हमारे शरीर के लिए फायदेमंद है या हानिकारक इसको लेकर लंबे समय से चर्चा होती रही है।
कुछ शोध में पाया गया है कि संयमित मात्रा में इसका सेवन पेट की कई बीमारियों से बचा सकता है, जबकि कुछ में कहा गया है कि कैफीन डिहाइड्रेशन, अनिद्रा, माइग्रेन जैसी समस्याओं का कारण बन सकता है।
कैफीन के अधिक सेवन के नुकसान
ज्यादातर अध्ययनों में पाया गया है कि कम मात्रा में कैफीन आमतौर पर सुरक्षित होता है, लेकिन अगर दैनिक रूप से आप इसका अधिक सेवन करते हैं तो इसके कारण शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित कई दिक्कतें हो सकती हैं।
कैफीन में नींद भगाने वाली क्षमता होती है, यही कारण है कि इसका अधिक सेवन आपके लिए नींद लेने में कठिनाइयों का कारण बन सकता है। अगर आप लगातार कैफीन का अधिक सेवन करते हैं इससे अनिद्रा की दिक्कत हो सकती है। कैफीन की लत को लेकर भी विशेषज्ञ अलर्ट करते रहे हैं।
कैफीन के स्वास्थ्य लाभ
ऐसा नहीं है कि कैफीन सिर्फ नुकसानदायक ही है, अगर आप नियंत्रित मात्रा में इसका सेवन करते हैं तो इससे कई स्वास्थ्य लाभ भी हो सकते हैं। शोधकर्ताओं ने पाया कि चूंकि कैफीन, सेंट्रल नर्वस सिस्टम को उत्तेजित करती है इसलिए यह मेटाबॉलिज्म को 11 फीसदी तक बढ़ाकर फैट बर्न करने में मददगार हो सकती है।
एक अन्य शोध में पाया गया है कि जो पुरुष और महिलाएं प्रतिदिन 2-3 कप कॉफी पीते हैं (लगभग 100-400 मिलीग्राम कैफीन) उनमें हृदय रोग का जोखिम 16-18% कम होता है।
नो कैफीन इंटेक फायदेमंद है या नुकसानदायक?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, कैफीन के फायदे और नुकसान दोनों है, जिसके मूल में इसकी मात्रा को रखा गया है। अगर आप संयमित मात्रा में इसका सेवन करते हैं तो इससे कोई नुकसान नहीं है पर इसकी अधिकता समस्याकारक हो सकती है। तमाम अध्ययनों के आधार पर रोजाना 400 मिलीग्राम तक कैफीन को सुरक्षित माना जाता है यह प्रतिदिन 2-3 कप कॉफी के बराबर है।
यह नुकसानदायक है या फायदेमंद, यह पूरी तरह से इस बात पर निर्भर है कि आप की सेहत कैसी है और आप कितना कैफीन लेते हैं।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।