हृदय रोगों का जोखिम वैश्विक स्तर पर पिछले एक दशक में तेजी से बढ़ा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया कि जिस तरह से लोगों की लाइफस्टाइल खराब होती जा रही है इससे शरीर के इस महत्वपूर्ण अंग पर सबसे ज्यादा दुष्प्रभाव देखा जा रहा है। हृदय रोगों से सुरक्षित रहने के लिए जरूरी है कि हम नियमित रूप से स्वस्थ आहार और व्यायाम को दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। शोधकर्ताओं ने बताया कि हृदय को स्वस्थ रखने के लिए आहार की विशेष भूमिका रही है, हम क्या खाते हैं इसका सीधा असर हमारी सेहत पर होता है।
Heart Health: डॉक्टर्स ने हृदय को स्वस्थ रखने के बताए दो 'मूल मंत्र', ब्लड प्रेशर-हार्ट अटैक का जोखिम होगा कम
हृदय के लिए फायदेमंद है मैग्नीशियम
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, मैग्नीशियम आपके हृदय को रक्त पंप करने में मदद करता है। इस खनिज का सही स्तर दिल की धड़कन के स्तर को बेहतर रखने और हृदय रोग या दिल का दौरा पड़ने की आशंका को कम कर सकता है। यह शरीर के सैकड़ों महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं में भी मदद करता है।
आपकी मांसपेशियों और तंत्रिकाओं के काम करने के तरीके को नियंत्रित करने से लेकर हड्डियों को मजबूत रखने, दिल को स्वस्थ रखने और ब्लड शुगर को सामान्य रखने में भी इसके लाभ हैं। हृदय रोगियों के लिए मैग्निशियम युक्त चीजों का सेवन जरूर करना चाहिए।
आहार में इन चीजों को करें शामिल
आहार के माध्यम से आसानी से मैग्नीशियम की पूर्ति की जा सकती है। साबुत अनाज और गहरी हरे पत्तेदार सब्जियां मैग्नीशियम का अच्छे स्रोत हैं। कम वसा वाले दूध और दही में भी मैग्नीशियम होता है। बीन्स और फलियां (जैसे सोयाबीन, बेक्ड बीन्स, दाल और मूंगफली) और नट्स (जैसे बादाम और काजू) का सेवन करके भी मैग्नीशियम प्राप्त कर सकते हैं।
पोटेशियम से वाहिकाएं रहती हैं स्वस्थ
मैग्नीशियम की ही तरह से पोटेशियम भी हृदय को स्वस्थ रखने में मदद करती है, ये रक्त वाहिकाओं की दीवारों को आराम देता है, रक्तचाप को कम करता है और मांसपेशियों की ऐंठन से बचाता है। कई अध्ययनों ने पोटेशियम के कम सेवन के कारण रक्तचाप बढ़ने और स्ट्रोक के जोखिमों को लेकर लोगों को अलर्ट किया गया है। हृदय को स्वस्थ रखने के लिए आहार में पोटेशियम को जरूर शामिल किया जाना चाहिए।
पोटेशियम कैसे प्राप्त करें?
आहार के माध्यम से पोटेशियम प्राप्त करने के लिए पत्तेदार साग, बीन्स, नट्स, डेयरी खाद्य पदार्थ, और स्टार्च वाली सब्जियों का सेवन किया जा सकता है। सूखे मेवे (किशमिश, खुबानी), बीन्स और दालें, आलू, पालक, ब्रोकोली, एवोकाडो और केले इस पोषक तत्व के अच्छे स्रोत हैं। आहार में इन चीजों को जरूर शामिल किया जाना चाहिए।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।