बच्चों को लेकर मां-बाप हर वक्त चिंतित रहते हैं। मौसम बदलते ही उनका सारा ध्यान बच्चों की तरफ होता है कि कैसे उनको सेहतमंद रखा जाए। इसके लिए वह कई तरीके अपनाते हैं साथ ही कई घरेलु तरकीब भी अपनाते हैं कि बदलते मौसम में बच्चे किसी तरह बीमार न पड़े। इसी सिलसिले में हम आपको बताने जा रहे हैं कि गर्मी के मौसम में बच्चों का किस तरह ख्याल रखें।
गर्मी का मौसम आ चुका है और यह समय बच्चों की छुट्टियों का भी होता है। ऐसे में वह हमेशा बाहर खेलने को उत्सुक रहते हैं। ऐसे में उनका ध्यान रखना बहुत जरूरी है। गर्मी के मौसम में पानी पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए। तापमान बढ़ने पर आपको इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि आपका बच्चा पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करे। उनके लिए दिनभर पानी पीना बहुत महत्वपूर्ण होता है। पानी शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालता है।
गर्मियों के दौरान शरीर के तापमान को विनियमित करने के लिए हल्के रंग के कपड़ों को अच्छा माना जाता है। जहां एक ओर गहरे रंग के कपड़े सूरज की गर्मी को अवशोषित करते हैं वहीं दूसरी ओर हल्के रंग के कपड़े शरीर से गर्मी को दूर प्रतिबिंब कर आपके शरीर को ठंड रखने में मदद करते हैं।
गर्मियों के दौरान बच्चों को बीमार होने से बचाने के लिए उन्हें दोपहर के दौरान 12 बजे से 4 बजे तक बाहर जानें से रोकें। इस दौरान उन्हें घर में ही रखें और इनडोर गेम्स में बिजी रखें। गर्मी के दिनों में शाम का समय घर से बाहर खेलने का बेहतरीन समय होता है।
गर्मियों के दौरान बच्चों को जंक फूड्स से दूर रखें। क्योंकि मसालेदार आहार से शरीर की गर्मी बढ़ती है। जंक फूड्स के बजाए बच्चों को तरबूज, खरबूजा और कीवी जैसे ताजे फल खाने के लिए दें। इसके अलावा जब भी बच्चे बाहर खेलने जाएं तो उनके शरीर पर सनस्क्रीन लगाएं। सनस्क्रीन हानिकारक सूरज की किरणों और उससे होने वाले सभी नुकसान से आपके बच्चे की रक्षा करेगी।