खान-पान की गड़बड़ी ने सेहत को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाया है। इसका पाचन तंत्र पर भी सीधा असर देखा जा रहा है। लिहाजा पेट में भारीपन, गैस, थोड़ी-थोड़ी देर में ऐंठन, खाना खाने के बाद पेट फूल जाने जैसी समस्याएं अक्सर लोगों में देखी जा रही हैं। वैसे तो ये दिक्कतें सामान्य घरेलू उपायों और हल्की दवाओं से ठीक हो जाती हैं, पर अगर ये आपकी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन गई हैं तो इन्हें नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है।
Digestion Problem: अक्सर पेट में रहती है दर्द और ऐंठन? कहीं सूज तो नहीं गया है आपका पाचन तंत्र
कभी-कभार होने वाला पेट दर्द सामान्य हो सकता है, लेकिन यदि दर्द बार-बार हो, ऐंठन के साथ आए, खाना खाने के बाद बढ़ जाए या कई दिनों तक बना रहे, तो यह पाचन तंत्र में किसी समस्या का संकेत हो सकता है।
पाचन तंत्र में सूजन के बारे में जानिए
पाचन तंत्र में सूजन का मतलब है छोटी या बड़ी आंत या पाचन तंत्र के किसी हिस्से में शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली सक्रिय होकर सूजन पैदा कर रही है।
- यह सूजन संक्रमण, भोजन से एलर्जी, ऑटोइम्यून बीमारी या खराब खान-पान की वजह से हो सकती है।
- यदि समय पर इसकी पहचान न हो पाए तो इससे भोजन का पाचन गड़बड़ा जाता है जिससे शरीर में पोषण और ऊर्जा की कमी हो सकती है।
पाचन तंत्र की सूजन के पीछे कई कारण हो सकते हैं। बैक्टीरिया, वायरस का संक्रमण, फूड एलर्जी जैसी स्थितियां इस खतरे को बढ़ाने वाली मानी जाती हैं। जो लोग अत्यधिक शराब-धूम्रपान, प्रोसेस्ड फूड्स ज्यादा खाते हैं उनमें भी इसका खतरा अधिक रहता है।
कहीं आप भी तो नहीं हो गए हैं शिकार?
पेट में सूजन होने पर पेट में दर्द, ऐंठन, गैस होने, पेट फूलने जैसी समस्या होती है।
- इसके अलावा दस्त, कब्ज, मतली, भूख कम लगने या जल्दी पेट भर जाने जैसे लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं।
- गंभीर मामलों में मल में खून आ सकता है। वजन कम होना, लगातार बुखार या एनीमिया की भी दिक्कत हो सकती है।
ज्यादा तनाव लेना ठीक नहीं
तनाव का सीधा प्रभाव हमारे मस्तिष्क और आंतों से होता है। लगातार तनाव रहने पर पाचन की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है, जिससे पेट दर्द, गैस, ऐंठन और मल त्याग की आदतों में बदलाव आ सकते हैं। कई लोगों में तनाव के दौरान आईबीएस के लक्षण अधिक बढ़ जाते हैं। इसलिए केवल दवा ही नहीं, बल्कि पर्याप्त नींद, नियमित व्यायाम, योग, ध्यान और तनाव प्रबंधन भी पाचन स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण हैं।
पाचन की समस्याओं से कैसे बचें?
यदि अक्सर पेट दर्द होता रहे, शौच से खून आए और तेज बुखार के साथ बार-बार उल्टी हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
- पाचन की समस्याओं से बचे रहने के लिए रोजाना संतुलित भोजन करें और पर्याप्त मात्रा में फाइबर लें,।
- पाचन ठीक रखने के लिए खूब पानी पीना, नियमित व्यायाम और प्रोसेस्ड फूड का सेवन कम करना जरूरी है।
- धूम्रपान और शराब भी पाचन तंत्र को नुकसान पहुंचाते हैं इनसे दूरी बनाएं।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।