कैंसर, दुनियाभर में मौत के प्रमुख कारणों में से एक है। हर साल इस रोग के कारण लाखों लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ जाती है। साल 2018 में दुनियाभर में कैंसर के 18.1 मिलियन (1.81 करोड़) नए मामले सामने आए और 9.5 मिलियन (95 लाख) से अधिक लोगों की कैंसर से मौत हो गई। विशेषज्ञों के अनुमान के मुताबिक साल 2040 तक हर साल कैंसर के 29.5 मिलियन (2.95 करोड़) नए मामले आ सकते हैं और मौत का खतरा बढ़कर 16.4 मिलियन (1.64 करोड़) से अधिक हो सकता है। इस खतरे को जल्द से जल्द कम करने की आवश्यकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुतबिक कैंसर से सुरक्षित रहने के लिए सभी लोगों को जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव करने की आवश्यकता है।
जानना जरूरी: कैंसर का खतरा होगा कम, वैज्ञानिकों ने सुझाए दो सबसे कारगर उपाय
कैंसर के संभावित जोखिम कारक
नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट के मुताबिक कई प्रकार की स्थितियां कैंसर के खतरे को बढ़ा सकती हैं। कई प्रकार के रसायनों के संपर्क में रहने वाले लोगों को कैंसर होने का खतरा अधिक होता है। इसके अलावा उम्र के साथ आनुवांशिकता को भी इसका एक कारण माना जाता है। मोटापा, प्रतिरक्षा प्रणाली में कमजोरी, रेडिएशन, शराब-धूम्रपान और जीवनशैली में कई अन्य प्रकार की गड़बड़ी के कारण भी कैंसर का खतरा हो सकता है। इन सभी से सुरक्षित रहने के लिए लोगों को बचाव के उपायों को प्रयोग में लाते रहना आवश्यक है।
कैंसर से बचाव के उपाय
साओ पाउलो स्थित फेडरल यूनिवर्सिटी में डिपार्टमेंट ऑफ प्रीवेंटिव मेडिसिन के शोधकर्ताओं ने अपने अध्ययन में दो व्यायामों के बारे में लोगों को बताया है जिससे कैंसर के खतरे को कम किया जा सकता है। अध्ययनकर्ताओं में से एक डॉ लिएंड्रो रेज़ेंडे कहते हैं, शारीरिक निष्क्रियता कई तरह के कैंसर के जोखिम को बढ़ा सकती है। 13 लाख लोगों के डेटा के अध्ययन के आधार पर वैज्ञानिकों का कहना है कि यदि नियमित रूप से स्ट्रेंथ ट्रेनिंग और एरोबिक व्यायाम किया जाए तो कई प्रकार के कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
कैंसर से बचाती है एरोबिक एक्सरसाइज
अध्ययनकर्ताओं का कहना है कि एरोबिक एक्सरसाइज को जीवनशैली में शामिल करके दुनियाभर में तेजी से बढ़ते कैंसर रूपी मौत के खतरे को कम किया जा सकता है। यह व्यायाम शरीर में ऑक्सीजन का अवशोषण बढ़ाने के साथ सभी अंगों में ऑक्सीजन के संचार को बढ़ावा देने में सहायक है। इससे कोशिकाएं स्वस्थ बनी रहती हैं और कैंसर का खतरा कम हो सकता है। इसके अलावा यह व्यायाम नींद के पैटर्न को सुधारने और मोटापे को कम करने में भी सहायक है, यह दोनों कैंसर के खतरे को बढ़ा सकती हैं।
स्ट्रेंथ ट्रेनिंग व्यायाम करें
अध्ययनकर्ताओं के मुताबिक सप्ताह में 2-3 बार स्ट्रेंथ ट्रेनिंग अभ्यास करना सेहत के लिए विशेष लाभकारी हो सकता है। हड्डियों और मांसपेशियों को स्वस्थ बनाए रखने के साथ यह कई प्रकार के कैंसर कारकों को कम करने में भी मदद कर सकती है। स्ट्रेंथ ट्रेनिंग व्यायाम करने से प्रतिरक्षा प्रणाली मजबूत होती है, जिससे शरीर को कैंसर कारक कोशिकाओं से मुकाबले की शक्ति मिलती है। इस व्यायाम से उन हार्मोन का स्राव भी बढ़ता है जो शरीर से विषाक्त पदार्थों को कम करने में सहायक होती हैं।
--------------
स्रोत और संदर्भ:
Combination of two exercises may lower risk of death from the deadly disease
अस्वीकरण नोट: यह लेख साओ पाउलो स्थित फेडरल यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं द्वारा किए गए अध्ययन की रिपोर्ट के आधार पर तैयार किया गया है। लेख में शामिल सूचना व तथ्य आपकी जागरूकता और जानकारी बढ़ाने के लिए साझा किए गए हैं। ज्यादा जानकारी के लिए आप अपने चिकित्सक से संपर्क कर सकते हैं।