शरीर को बाहरी और आंतरिक दोनों रूप से निरंतर सफाई की आवश्यकता होती है। बाहरी साफ-सफाई और हाइजीन का ध्यान तो हम सभी रख ही लेते हैं पर आंतरिक सफाई को अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है। विशेषकर त्योहारों या किसी उत्सव, जिसमें अक्सर हम सभी खान-पान को लेकर ज्यादा ध्यान नहीं दे पाते हैं, उस समय पर यह और भी आवश्यक हो जाता है। दीपावली के बाद सभी लोगों को बॉडी डिटॉक्स करना जरूर सुनिश्चित करना चाहिए। यह गड़बड़ खान-पान के कारण शरीर को होने वाले दुष्प्रभावों के जोखिम को कम करने और पाचन को ठीक रखने के लिए बहुत जरूरी अभ्यास है।
सेहत की बात: त्योहारों को बाद जरूरी होता है बॉडी डिटॉक्स, जानिए इसके लाभ और आसान घरेलू तरीके
दीपावली के बाद बॉडी डिटॉक्स क्यों जरूरी है?
त्योहारों में खान-पान से संबंधित गड़बड़ी के कारण शरीर में विषाक्त पदार्थ एकत्रित होने लग जाते हैं, इसके कई प्रकार के दुष्प्रभाव हो सकते हैं। इन विषाक्त पदार्थों को वैसे तो शरीर स्वाभाविक तौर पर मल-मूत्र के माध्यम से बाहर करता रहता है, हालांकि फिर भी इसकी कुछ मात्रा शेष बच जाती है। बॉडी डिटॉक्स के माध्यम से इन तत्वों को आसानी से शरीर से बाहर करके आंतों, लिवर और किडनी जैसे अंगों की साफ-सफाई की जा सकती है। हम सभी के घरों में कई ऐसे खाद्य-पेय पदार्थ होते हैं जिनकी मदद से शरीर से आसानी से विषाक्तता को दूर किया जा सकता है। आइए ऐसे ही कुछ आसान से उपायों के बारे में जानते हैं।
खूब सारा पानी पिएं
पानी आपकी प्यास बुझाने के अलावा शरीर के तापमान को नियंत्रित करने, पाचन और पोषक तत्वों के अवशोषण को बढ़ाने और शरीर से अपशिष्ट उत्पादों को हटाकर अंगों को स्वस्थ रखने में आपके लिए लाभकारी माना जाता है। यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को नियमित रूप से 3-4 लीटर पानी पीते रहने की सलाह देते हैं। त्योहारों में खान-पान की गड़बड़ी के दुष्प्रभावों को कम करने के लिए खूब सारा पानी पीना सहायक हो सकता है।
प्रोबाइटिक्स का करें अधिक सेवन
शरीर से विषाक्तता को कम करने के लिए प्रोबाइटिक्स का सेवन करना आपके लिए विशेष लाभकारी हो सकता है। प्रोबाइटिक्स एक प्रकार का फाइबर है जो आंतों के गुड बैक्टीरिया को स्वस्थ रखने और भोजन के पाचन को बढ़ाने में आपके लिए मददगार हो सकते हैं। दही, छाछ आदि का सेवन करना आपको कई प्रकार के शारीरिक लाभ दे सकता है। आहार में फाइबर वाली चीजों की मात्रा को बढ़ाकर भी आप शरीर को डिटॉक्स कर सकते हैं।
वेजिटेबल जूस भी है काफी लाभकारी
शरीर की विषहरण प्रक्रिया के लिए दीपावली के अगले दिन वेजिटेबल जूस का सेवन करना भी आपके लिए विशेष लाभकारी हो सकता है। पालक, खीरा, नींबू, अदरक, चुकंदर, गाजर आदि के जूस का सेवन करना शरीर को डिटॉक्स करने के अलावा आवश्यक पोषक तत्वों की आसानी से पूर्ति करने में भी सहायक है। सब्जियों के जूस के सेवन को कई प्रकार से शरीर के लिए विशेष लाभकारी माना जाता है।
----------------
नोट: यह लेख स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।