जब भी बात ब्लड शुगर को कंट्रोल करने की आती है तो सबसे पहले मिठाई, चीनी और कार्बोहाइड्रेट वाली चीजों की मात्रा कम करने की सलाह दी जाती है। लेकिन शरीर में शुगर का संतुलन सिर्फ खाने से तय नहीं होता। क्या आप जानते हैं कि नींद भी इसमें अहम भूमिका निभाती है?
अलर्ट: मीठी चीजों की ही तरह ये एक आदत भी डायबिटीज रोगियों के लिए हो सकती है नुकसानदायक, रहें सावधान
ब्लड शुगर पर सिर्फ खाने का असर नहीं पड़ता। लगातार नींद की कमी शरीर की आंतरिक घड़ी और इंसुलिन के काम को प्रभावित कर सकती है। सीडीसी के अनुसार रोजाना 7 घंटे से कम की नींद टाइप-2 डायबिटीज के जोखिमों को बढ़ाने वाली हो सकती है।
नींद की कमी से इंसुलिन पर असर
जब आपकी नींद लगातार कम होती है, तो शरीर की सामान्य हार्मोनल लय प्रभावित हो सकती है। इसका असर इंसुलिन और ब्लड शुगर के संतुलन पर भी पड़ सकता है।
- नींद की कमी या रात में काम करने जैसी स्थिति में शरीर के हार्मोन्स में बदलाव हो सकता है। इससे इंसुलिन रेजिस्टेंस और ब्लड शुगर को नियंत्रित करना मुश्किल हो सकता है।
- रोज कम सोना सिर्फ थकान की वजह नहीं बनता, बल्कि शरीर के मेटाबॉलिज्म और हार्मोन्स पर भी असर डाल सकता है।
कम सोने से डायबिटीज का खतरा?
मेडिकल रिपोर्ट्स से पता चलता है कि अगर आप एक रात भी अच्छी नींद नहीं लेते हैं तो इसका असर अगले दिन के कामकाज पर पड़ सकता है। वहीं लंबे समय तक नींद की रहने वाली समस्या आपके लिए गंभीर समस्याओं का कारण बन सकती है। अगर लगातार नींद पूरी नहीं हो रही है, तो इसका असर शरीर के शुगर कंट्रोल पर भी देखा जा सकता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार रोजाना 7 घंटे से कम नींद लेना टाइप-2 डायबिटीज के जोखिमों को बढ़ाने वाला हो सकता है। इसलिए नींद को अपनी प्राथमिकता बनाना जरूरी है।
- देर रात तक जागने की आदत कई बार खाने का समय भी बदल देती है। इससे भूख वाले हार्मोन्स में भी असंतुलन हो सकता है।
- रात में बार-बार कुछ खाना, देर से भारी भोजन करना या रोज अलग-अलग समय पर खाना ब्लड शुगर को कंट्रोल करना मुश्किल कर सकता है।
- खासकर रात की शिफ्ट में काम करने वालों में सोने और खाने का समय बिगड़ जाता है। इससे आपकी मुश्किलें और भी बढ़ सकती हैं।
डायबिटीज में नींद को भी दें जरूरी जगह
अगर आप डायबिटीज का शिकार हैं तो सिर्फ आहार और व्यायाम पर ध्यान देना काफी नहीं है। अच्छी नींद भी स्वस्थ दिनचर्या का हिस्सा होना चाहिए।
कोशिश करें कि रोज लगभग एक ही समय पर सोएं और जागें और शरीर को पर्याप्त नींद दें। अगर लगातार नींद की समस्या है या नींद पूरी करने के बावजूद दिनभर बहुत थकान रहती है, तो डॉक्टर से सलाहकार जरूर ले लें। डायबिटीज में खाने की प्लेट के साथ-साथ अपनी रात की नींद पर भी बहुत जरूरी है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।