जब स्वस्थ और चमकदार त्वचा पाने की बात हो या फिर बालों को घना बनाने की, बायोटिन हमेशा चर्चा में रहने वाला पोषक तत्व है। इसे विटामिन-एच के के रूप में भी जाना जाता है, बायोटिन बी-कॉम्प्लेक्स विटामिन में से एक है जो भोजन को ऊर्जा में बदलने में मदद करता है। जीवंत और चमकदार त्वचा बनाए रखने में भी लाभ को लेकर अक्सर इसपर बात की जाती रही है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, आहार में बायोटिन युक्त खाद्य पदार्थों को शामिल करने से आपकी त्वचा को विशेष लाभ मिल सकता है।
Health Tips: क्यों इतनी चर्चा में है बायोटिन, क्या हैं इसके लाभ? आहार में इन चीजों को कर सकते हैं शामिल
क्या कहते हैं स्वास्थ्य विशेषज्ञ?
किशोरों और वयस्कों के लिए प्रतिदिन 30 से 100 माइक्रोग्राम बायोटिन की मात्रा को पर्याप्त माना जाता है। बहुत से लोग इससे अधिकतम लाभ प्राप्त करने, त्वचा की रंगत को बेहतर बनाने के लिए खुद से ही बायोटिन सप्लीमेंट्स लेना शुरू कर देते हैं, पर इसके कई दुष्प्रभाव हो सकते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, आहार के माध्यम से पोषक तत्वों को प्राप्त करना लाभकारी होता है। यदि डॉक्टर आपमें इसकी कमी महसूस करते हैं और सप्लीमेंट्स की सलाह देते हैं तभी इसका सेवन किया जाना चाहिए।
आइए जानते हैं कि दैनिक आहार में किन चीजों को शामिल करके बायोटिन की आवश्यकताओं को पूरा किया जा सकता है?
नट्स औ सीड्स का करें सेवन
सूखे मेवे और कई प्रकार के बीज में फाइबर, अनसेचुरेटेड फैट्स और प्रोटीन की अच्छी मात्रा होती है। इनसे आप शरीर के लिए आवश्यक बायोटिन की भी पूर्ति कर सकते हैं। 20 ग्राम सूरजमुखी के बीज से 2.6 एमसीजी बायोटिन जबकि 30 ग्राम भुने हुए बादाम में 1.5 माइक्रोग्राम बायोटिन प्राप्त हो सकता है। शोधकर्ताओं ने पाया कि आहार में नट्स को शामिल करना संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए बेहतर हो सकता है।
मशरूम को आहार में करिए शामिल
मशरूम पोषक तत्वों से भरपूर माना जाता है, इसमें प्रचुर मात्रा में बायोटिन भी होता है। यही कारण है कि त्वचा की रंगत को सुधारने के लिए मशरूम खाने की सलाह दी जाती है। मशरूम (120 ग्राम) में लगभग 2.6 माइक्रोग्राम बायोटिन होता है, जो दैनिक जरूरतों के 10 फीसदी की पूर्ति कर सकता है। मशरूम को कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने से लेकर मस्तिष्क को स्वस्थ रखने और प्रतिरक्षा प्रणाली को भी ठीक रखने के लिए फायदेमंद पाया गया है।
केला खाने के कई लाभ
केले दुनियाभर में सबसे लोकप्रिय फलों में से एक हैं। यह फाइबर, कार्ब्स और विटामिन-बी के साथ कॉपर और पोटेशियम जैसे सूक्ष्म पोषक तत्वों से भी भरपूर होता है। एक छोटे केले (105 ग्राम) में लगभग 0.2 एमसीजी बायोटिन होता है। त्वचा की रंगत को सुधारने के लिए इसे फायदेमंद पाया गया है। यही कारण है कि कई लोग त्वचा पर केला लगते हैं।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।