डाइट की जिन चीजों को सेहत के लिए सबसे नुकसानदायक माना जाता है, नमक उनमें से एक है। अध्ययनों से स्पष्ट हो चुका है कि ज्यादा नमक खाना ब्लड प्रेशर बढ़ाकर दिल की सेहत को नुकसान पहुंचाने वाला हो सकता है, यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को रोजाना नमक का सेवन कम से कम करने की सलाह देते हैं।
अलर्ट: नमक सिर्फ बीपी नहीं बढ़ाता, हड्डियों की सेहत को भी पहुंचा सकता है नुकसान; जानिए कैसे
ज्यादा नमक खाने से पेशाब के जरिए कैल्शियम का निकलना बढ़ जाता है। लंबे समय तक ज्यादा सोडियम लेना, पर्याप्त कैल्शियम न मिलना और विटामिन डी की कमी हड्डियों की सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं। नमक कम खाने के अलावा पौष्टिक आहार और नियमित व्यायाम हड्डियों को मजबूत रखने में मदद करते हैं।
ज्यादा नमक खाने के खतरे
स्वास्थ्य विशेषज्ञ तमाम अध्ययनों में ज्यादा नमक खाने से होने वाले खतरों को लेकर सभी लोगों को अलर्ट करते रहे हैं। नमक में सोडियम होता है। जब शरीर में सोडियम की मात्रा बढ़ती है, तो किडनी अतिरिक्त सोडियम को पेशाब के जरिए बाहर निकालती है। इस प्रक्रिया में कैल्शियम का शरीर से बाहर निकलना बढ़ जाता है। यानी ज्यादा नमक खाने से शरीर से कैल्शियम की कमी होने की आशंका रहती है। अगर खानपान में कैल्शियम पर्याप्त नहीं है, तो यह हड्डियों की सेहत के लिए चिंता का विषय हो सकता है।
- शरीर में सोडियम की मात्रा ज्यादा होने पर पेशाब के जरिए कैल्शियम का निकलना बढ़ सकता है।
- कैल्शियम हड्डियों को मजबूत बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी मिनरल है।
- ऐसे में लंबे समय तक ज्यादा नमक खाने और पर्याप्त कैल्शियम न मिलने से हड्डियों की सेहत प्रभावित होने का खतरा बढ़ सकता है।
कमजोर हो सकती हैं आपकी हड्डियां
कैल्शियम हड्डियों के निर्माण और उनकी मजबूती के लिए जरूरी है। शरीर में कैल्शियम की जरूरत पूरी नहीं होने या कैल्शियम ज्यादा निकल जाने से हड्डियों की सेहत प्रभावित हो सकती है। लंबे समय तक कैल्शियम की कमी रहने से ऑस्टियोपोरोसिस का खतरा बढ़ सकता है। इसमें हड्डियां कमजोर और नाजुक होने लगती हैं, जिससे मामूली चोट या गिरने पर भी फ्रैक्चर हो सकता है।
- उम्र बढ़ने के साथ हड्डियों का घनत्व कम होने लगता है।
- महिलाओं में मेनोपॉज के बाद एस्ट्रोजन हार्मोन का स्तर कम होने से भी हड्डियों का ब्रेकडाउन और तेज हो सकता है।
- ऐसे में अगर आहार में कैल्शियम कम हो और नमक का सेवन ज्यादा हो, तो हड्डियों की सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है।
फिर हड्डियों को मजबूत रखने के लिए नमक खाएं या नहीं?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, ऐसा नहीं है कि दिल और हड्डियों की सेहत को ठीक रखने के लिए नमक खाना छोड़ देना चाहिए। बस खाने में नमक की मात्रा कम रखें।
- पैकेट वाले स्नैक्स और प्रोसेस्ड फूड कम खाएं, इसकी जगह पर दूध-दही, पनीर और कैल्शियम युक्त खाद्य पदार्थ लें।
- विटामिन-डी के लिए डॉक्टर की सलाह के अनुसार धूप और जरूरत पड़ने पर सप्लीमेंट लें।
- नियमित वॉकिंग और व्यायाम सेहत को ठीक रखने में आपके लिए मददगार हो सकता है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
