क्या आपको भी सर्दियों की शुरुआत होते ही जोड़ों में दर्द और अकड़न की समस्या परेशान करने लगती है? अगर हां तो, ये जानना जरूरी है कि ये समस्या बहुत कॉमन है।
सेहत की बात: ठंड आते ही घुटनों और उंगलियों में बढ़ने लगता है दर्द? जानिए इसके पीछे की वजह
Arthritis Pain In Winter: सर्दियों में आर्थराइटिस के मरीजों को जोड़ों में दर्द और सुबह अकड़न की परेशानी ज्यादा हो सकती है। इस मौसम में शारीरिक गतिविधियां कम होने से समस्या बढ़ती है। नियमित एक्सरसाइज, सिकाई और वजन नियंत्रित रखकर जोड़ों की सेहत बेहतर रखी जा सकती है।
ठंड के मौसम में जोड़ों की समस्याएं
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक, ठंड के मौसम में शारीरिक गतिविधियां कम होने और लंबे समय तक एक ही स्थिति में रहने से जोड़ों की परेशानी बढ़ जाती है। जिन लोगों को पहले से आर्थराइटिस की समस्या है, उनके लिए ये मौसम और भी परेशानियां बढ़ाने वाला हो सकता है।
- आर्थराइटिस में जोड़ों के आसपास सूजन और दर्द होती है। रात में सोते समय शरीर लंबे समय तक एक ही स्थिति में रहता है और जोड़ों की गतिविधियां कम हो जाती हैं।
- ऐसे में प्रभावित जोड़ों के आसपास की मांसपेशियों और ऊतकों में जकड़न महसूस हो सकती है।
- रूमेटाइड आर्थराइटिस में जोड़ों की अंदरूनी परत में सूजन के कारण सुबह अकड़न ज्यादा महसूस हो सकती है।
सर्दियों में क्यों बढ़ जाती है परेशानी?
अब सवाल ये है कि जोड़ों-हड्डियों की परेशानी सर्दियों में क्यों बढ़ जाती है?
अमर उजाला से बातचीत में हड्डियों के विशेषज्ञ डॉ एस.पी सिंह बताते हैं, ठंड के कारण कुछ लोगों में जोड़ों का दर्द और अकड़न बढ़ सकती है। असल में सर्दियों में लोग शारीरिक गतिविधियां कम कर देते हैं, जिससे मांसपेशियों और जोड़ों में जकड़न बढ़ सकती है।
इसके अलावा ठंड बढ़ने के साथ हाथ-पैरों की रक्त वाहिकाएं सिकुड़ सकती हैं, जिससे विशेषकर उंगलियों में दर्द और असहजता महसूस हो सकती है। अगर जोड़ों में दर्द बना रहता है, साथ ही सूजन बढ़ रही है और जोड़ों में गर्माहट भी है तो इसे सामान्य ठंड का असर समझकर नजरअंदाज न करें। अचानक किसी एक जोड़ में तेज दर्द और सूजन होने पर भी तुरंत डॉक्टर से मिलकर इसकी जांच कराएं।
आर्थराइटिस के मरीज सर्दियों में क्या करें?
डॉ सिंह कहते हैं, जिन लोगों को पहले से ही आर्थराइटिस या हड्डियों की कोई दिक्कत है, उन्हें सर्दियों में अपनी सेहत को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए।
- सुबह उठने के बाद हल्की स्ट्रेचिंग और जोड़ों की सामान्य एक्सरसाइज करें।
- जोड़ों को ठंड से बचाने के लिए गर्म कपड़े पहनें।
- गुनगुने पानी से नहाने या गर्म सिकाई करने से अकड़न में राहत मिल सकती है।
- नियमित रूप से टहलें और योग करें। डॉक्टर की सलाह से हल्की एक्सरसाइज करें।
- शरीर का वजन कंट्रोल रखें, क्योंकि ज्यादा वजन घुटनों और कूल्हों के जोड़ों पर दबाव बढ़ाता है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
