कड़ाके की सर्दी के बाद अब मौसम गर्मियों की तरफ धीरे-धीरे अपना रुख मोड़ रहा है। इन दिनों दिन के समय का तापमान बढ़ रहा है जबकि सुबह-शाम हल्की ठंड बनी हुई है। यह ऐसा मौसम है जिसमें कई तरह की बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। बदलते मौसम के साथ सीजनल एलर्जी की दिक्कतों को काफी सामान्य माना जाता है। मौसमी एलर्जी को हे फीवर या सीजनल एलर्जिक राइनाइटिस के नाम से भी जाना जाता है। एलर्जी के ऐसे लक्षण साल के कुछ समय बढ़ जाते हैं, जिसके कारण बुखार, सर्दी-जुकाम जैसी कई तरह की दिक्कतें हो सकती हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, आमतौर पर जिन लोगों की प्रतिरक्षा प्रणाली कमजोर होती है, ऐसे लोगों में मौसमी एलर्जी का खतरा अधिक होता है।
Home Remedies: बदलते मौसम के साथ बढ़ जाती है एलर्जी की समस्या, इन घरेलू उपायों को माना जाता है रामबाण इलाज
शहद है बेहद फायदेमंद
शहद के सेवन के वैसे तो तमाम तरह के स्वास्थ्य लाभ हैं, इसे एलर्जी की दिक्कतों को दूर करने में भी काफी लाभकारी माना जाता है। एलर्जी के कारण गले में होने वाली खराश या दर्द को दूर करने से लेकर एलर्जी के अन्य लक्षणों को कम करने तक के लिए शहद का सेवन फायदेमंद माना जाता है। एलर्जी के खिलाफ शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के लिए रोज सुबह गर्म पानी में दो चम्मच शहद और नींबू का रस मिलाकर सेवन करने को फायदेमंद माना जाता है।
लहसुन की कच्ची कलियों के लाभ
लहसुन को कई तरह के फायदों के लिए वर्षों से उपयोग में लाया जाता रहा है। इसमें मौजूद एंटीबायोटिक गुण इसे खास बनाते हैं। पेट की समस्याओं को दूर करने के साथ मौसमी एलर्जी से बचाव के लिए लहसुन का सेवन करना फायदेमंद हो सकता है। रोजाना खाली पेट दो से चार कलियों का सेवन करना आपके पाचन को ठीक रखने के साथ गले की समस्याओं को कम करने में मदद करता है।
संक्रमण से बचाती है हल्दी
हल्दी में प्रभावी तौर पर एंटीऑक्सिडेंट के साथ एंटीएंफ्लामेटरी गुण पाए जाते हैं जो एलर्जी के लक्षणों से राहत देने में मदद कर सकते हैं। इसके अलावा हल्दी संक्रमण और दर्द से भी छुटकारा दिलाने का सबसे प्रभावी घरेलू इलाज मानी जाती है। हल्दी को शहद के साथ मिलाकर या फिर गर्म दूध में एक चुटकी हल्दी मिलाकर इसका सेवन किया जा सकता है। इसका नियमित सेवन बदलते मौसम के साथ होने वाली समस्याओं को कम करने में मददगार हो सकती है।
एलर्जी से बचाव के लिए इन बातों का भी रखें खास ख्याल-
- अगर आपको धूल के कणों या पराग कणों से एलर्जी है तो बाहर जाते समय मास्क लगाकर रखें, नरम कपड़े पहनें।
- आसपास का माहौल धूल और प्रदूषण मुक्त रखें, घर की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।
- बंद नाक और साइनस से आराम के लिए स्टीम इनहेलर का प्रयोग करें।
- एलर्जी के समय में गर्म पानी पीने से लाभ मिलता है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है। बताए गए तरीके वैकल्पिक उपचार हैं, इन्हें दवाइयों का विकल्प नहीं माना जा सकता।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।