होली रंगों और उत्साह का त्योहार है। लजीज पकवान, मिठाइयां इस त्योहार को काफी खास बना देते हैं। पर बिना ठंडाई के होली अधूरी है।
Holi 2025: ठंडाई के बिना होली अधूरी, जानिए ठंडाई पीने के क्या फायदे हैं? इन बातों का भी रखिए ध्यान
ठंडाई सिर्फ होली का एक पेयभर नहीं है, यह पोषक तत्वों से भरपूर होता है जिससे संपूर्ण स्वास्थ्य को लाभ मिलता है। आयुर्वेद विशेषज्ञ ने ठंडाई से होने वाले इन फायदों के बारे में बताया है, आपको भी जरूर जानना चाहिए।
ठंडाई में मौजूद चीजें बहुत लाभकारी
ठंडाई में कई प्रकार के स्वास्थ्यवर्धक चीजों का मिश्रण होता है।
बादाम, खसखस, खरबूज के बीज, सौंफ, काली मिर्च, इलायची, गुलाब की पंखुड़ियां, शहद, ठंडा दूध और केसर को इसके स्वास्थ्य लाभ के लिए जाना जाता है। इनमें से अधिकतर चीजों की प्रकृति शरीर को शीतलता देने वाली होती है। होली के समय में चूंकि हल्की गर्मी की शुरुआत हो जाती है ऐसे में ठंडाई से शरीर के तापमान को नियंत्रित रखने और गर्मी के कारण होने वाली समस्याओं से बचाव में मदद मिलती है।
आइए जानते हैं कि ठंडाई से क्या-क्या फायदे होते हैं?
ठंडाई के कई सारे फायदे
आयुर्वेद विशेषज्ञ बताते हैं कि 'ठंडाई' जिस तरह से नाम से ही स्पष्ट है कि ये शरीर को ठंडा करने में मददगार है, साथ ही इस मौसम में होने वाली पाचन की समस्याओं को भी कम करती है। सौंफ, काली मिर्च और बादाम पाचन क्रिया को तेज करते हैं। इनमें मौजूद फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट पेट की जलन और अपच को कम करने में मदद करते हैं।
ठंडाई में मौजूद तत्व शरीर से विषैले पदार्थ बाहर निकालने में सहायक होते हैं। खासकर खसखस और गुलाब जल लिवर को डिटॉक्स करने में मदद करते हैं।
इन फायदों को भी जानिए
पाचन ठीक रखने और शरीर के तापमान को बढ़ने से रोकने के अलावा ठंडाई पीने के कई सारे फायदे हैं।
- बादाम, पिस्ता और खरबूज के बीज ठंडाई को ऊर्जावान बनाते हैं। इसके सेवन से थकान नहीं होती।
- ठंडाई में काली मिर्च, सौंफ और बादाम होते हैं, जिनमें एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-वायरल गुण होते हैं। ये शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाते हैं।
- बादाम और पिस्ता में मौजूद हेल्दी फैट्स और एंटीऑक्सीडेंट्स दिल को स्वस्थ रखते हैं और कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करते हैं।
- गुलाब और खसखस में प्राकृतिक शीतलता होती है, जो दिमाग को शांत रखते हैं और तनाव व चिंता को कम करने में मदद करते हैं।
ज्यादा मात्रा में ठंडाई पीने के भी नुकसान
ठंडाई सिर्फ एक स्वादिष्ट पेय ही नहीं है, ये शरीर को ठंडक, ऊर्जा और पोषण देने वाला प्राकृतिक ड्रिंक है। हालांकि इसे सही मात्रा में पीने से ही शरीर को फायदे मिलते हैं। यदि आपको दूध से संबंधित उत्पादों से एलर्जी है तो ठंडाई में दूध होने के कारण इसे पीने से बचना चाहिए। ज्यादा मात्रा में ठंडाई पीने से चीनी के कारण शुगर लेवल बढ़ने का भी खतरा हो सकता है।
गर्भवती महिलाओं को ठंडाई के सेवन से पहले डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए, क्योंकि कुछ मसालों में ऐसे तत्व होते हैं जो हानिकारक हो सकते हैं।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।