Health Tips: हरियाणा में अचानक बढ़े पीलिया-हेपेटाइटिस के मरीज, जानें आखिर क्यों होती है ये बीमारी?
Hepatitis C Outbreak in Haryana: हरियाणा के एक गांव में इन दिनों हेपेटाइटिस सी के लगभग 32 मरीजों की इलाज चल रही है। एक गांव से अचानक इतने लोगों का बीमार होना चिंता का विषय है। ऐसे में आइए इस लेख में ये जानते हैं कि हेपेटाइटिस बीमारी क्या और क्यों होती है?
हेपेटाइटिस मुख्य रूप से लीवर (यकृत) में होने वाली सूजन है, जो वायरस के संक्रमण के कारण होती है। हेपेटाइटिस 'बी' और 'सी' सबसे खतरनाक माने जाते हैं क्योंकि ये सीधे खून और शरीर के तरल पदार्थों के माध्यम से फैलते हैं। अगर इसका समय पर इलाज न किया जाए, तो यह लीवर सिरोसिस या लीवर कैंसर का रूप ले सकता है।
ये भी पढ़ें- Alert: गले पर परफ्यूम लगाते हैं तो हो जाएं सावधान, कहीं जानलेवा न बन जाए ये छोटी सी आदत?
कैसे फैलता है यह संक्रमण?
हेपेटाइटिस बी और सी के फैलने के कई कारण हो सकते हैं, जिनमें दूषित पानी और संक्रमित सुइयों का इस्तेमाल प्रमुख है। अक्सर ग्रामीण इलाकों में एक ही सुई से कई लोगों को इंजेक्शन देना या असुरक्षित टैटू बनवाना भारी पड़ता है। इसके अलावा, संक्रमित व्यक्ति के रेजर या टूथब्रश साझा करने और असुरक्षित यौन संबंधों से भी यह वायरस एक शरीर से दूसरे शरीर में प्रवेश कर जाता है।
ये भी पढ़ें- Health Tips: सर्दी-जुकाम से परेशान हैं? ये देसी आसान उपाय दूर कर सकते हैं आपकी बीमारी
क्या हो सकते हैं बचाव के उपाय?
पलवल प्रशासन ने गांव में डोर-टू-डोर स्क्रीनिंग शुरू कर दी है ताकि छिपे हुए मरीजों की पहचान हो सके। बचाव के लिए सबसे जरूरी है हेपेटाइटिस बी का टीकाकरण करवाना। साथ ही पीने के पानी को हमेशा उबालकर पिएं और किसी भी तरह के मेडिकल प्रोसीजर के दौरान हमेशा नई और डिस्पोजेबल सुई का ही इस्तेमाल सुनिश्चित करें। पीलिया के शुरुआती लक्षणों जैसे आंखों का पीलापन, गहरे रंग का पेशाब और थकान को कभी नजरअंदाज न करें।
सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है
छांयसा गांव की घटना हमें चेतावनी देती है कि स्वास्थ्य के प्रति जरा सी लापरवाही जानलेवा हो सकती है। हेपेटाइटिस को 'साइलेंट किलर' कहा जाता है क्योंकि इसके लक्षण अक्सर तब दिखाई देते हैं जब लीवर काफी हद तक खराब हो चुका होता है। इसलिए नियमित जांच कराएं और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। आपकी जागरूकता ही आपके परिवार और समाज को इस गंभीर महामारी से सुरक्षित रख सकती है।
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।