Medically Reviewed by S.C. Tiwari
डिग्री- एम.बी.बी.एस
देश इस समय कोरोना महामारी से बुरी तरह जूझ रहा है। हर दिन संक्रमण से हजारों लोगों की जान जा रही है, जबकि लाखों नए संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। विशेषज्ञ यह हमेशा से कहते आ रहे हैं कि डायबिटीज, ब्लड प्रेशर और दिल के मरीजों को संक्रमित होने के बाद गंभीर रूप से बीमार पड़ने का ज्यादा खतरा रहता है, इसलिए उन्हें सतर्क रहना चाहिए। आइए जानते हैं कि कोरोना काल में दिल का कैसे खास ख्याल रख सकते हैं, यानी हृदय को कैसे सेहतमंद बना सकते हैं?
सलाह: कोरोना काल में दिल का रखें खास ख्याल, इन तरीकों से हृदय को बनाएं सेहतमंद
वजन को नियंत्रण में रखें
- वजन का बढ़ना सेहत के लिए अच्छा नहीं माना जाता है। इससे सिर्फ हृदय की बीमारी का ही खतरा नहीं बढ़ जाता है, बल्कि कई और बीमारियां भी शरीर को जकड़ लेती हैं। इसलिए अगर आप अपने दिल को स्वस्थ बनाए रखना चाहते हैं तो कम वसा और कम मात्रा में चीनी वाला आहार लें। अपने आहार में अधिक से अधिक फल और हरी सब्जियों को शामिल करें और साथ ही रोजाना व्यायाम भी करें।
शराब को कहें ना
- शराब का अधिक सेवन सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है। इससे हृदय संबंधी बीमारियों का जोखिम बढ़ जाता है और साथ ही इससे दिल भी कमजोर हो जाता है। इसलिए बेहतर है कि अपने दिल को स्वस्थ बनाए रखने के लिए शराब का सेवन बिल्कुल न करें।
धूम्रपान न करें
- धूम्रपान सेहत के लिए हानिकारक होता है, ये तो शायद आप जानते ही होंगे। इससे सिर्फ कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का ही खतरा नहीं बढ़ता है, बल्कि यह हार्ट अटैक का जोखिम भी बढ़ा देता है। अगर आप अपने दिल को स्वस्थ बनाए रखना चाहते हैं तो धूम्रपान बिल्कुल भी न करें।
पर्याप्त नींद लें
- हृदय को स्वस्थ रखने के लिए पर्याप्त नींद लेना बहुत ही जरूरी है। कई अध्ययनों में यह पाया गया है कि जो लोग रोजाना छह घंटे से कम सोते हैं, उनमें स्ट्रोक या हार्ट अटैक होने की संभावना अधिक हो जाती है। विशेषज्ञ कहते हैं कि रोजाना सात से आठ घंटे की नींद जरूर लेनी चाहिए।
नोट: डॉ. एस. सी. तिवारी अत्यधिक योग्य और अनुभवी कार्डियोलॉजिस्ट (हृदय रोग विशेषज्ञ) हैं। उन्होंने एमबीबीएस की पढ़ाई की है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित अस्वीकरण- बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।