भारत में गोभी की सब्जी को खूब पसंद किया जाता है। वैसे तो गोभी को सर्दियों की सब्जी माना जाता है, हालांकि अब लगभग साल के हर महीने यह आसानी से उपलब्ध होता है। गोभी स्वाद में लाजवाब होने के साथ ही साथ सेहत के लिए भी विशेष लाभदायक मानी जाती है। इसमें कई ऐसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं जो हृदय रोग और कैंसर सहित कई बीमारियों के जोखिम को कम कर सकते हैं। अध्ययनों से पता चलता है कि वजन घटाने की कोशिशों में लगे हुए लोगों के लिए गोभी खाना विशेष लाभदायक हो सकता है। क्या आप इसके इन फायदों के बारे में जानते थे?
आज का हेल्थ टिप्स: वजन घटाना हो या ठीक करना हो पाचन, गोभी खाना है आपके लिए सबसे बेहतर विकल्प
पाचन के लिए फायदेमंद
फूलगोभी में फाइबर की मात्रा काफी अधिक होती है, जो इसे स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद बनाता है। एक कप फूलगोभी से 3 ग्राम फाइबर प्राप्त किया जा सकता है, जो आपकी दैनिक जरूरत के 10 फीसदी की पूर्ति कर सकता है। फाइबर, आपके आंत में स्वस्थ बैक्टीरिया को बढ़ावा देता है, जो पेट के सूजन को कम करने के साथ पाचन स्वास्थ्य को बढ़ावा देने में मदद करते हैं।
वजन कम करने में सहायक
फूलगोभी में कई ऐसे गुण होते हैं जो वजन घटाने में मदद कर सकते हैं। इसमें कैलोरी की मात्रा काफी कम होती है, इसलिए यह वजन को नियंत्रित बनाए रखने में सहायक है। फाइबर के अच्छे स्रोत के रूप में, फूलगोभी पाचन को धीमा कर देती है जिससे पेट भरा हुआ महसूस होता है, जिससे स्वाभाविक रूप से अतिरिक्त खाने की इच्छा नहीं होती है, जो वजन नियंत्रण में एक महत्वपूर्ण कारक है।
कोलीन से होता है परिपूर्ण
फूलगोभी में कोलीन की मात्रा अधिक होती है। एक कप फूलगोभी से 45 मिलीग्राम कोलीन प्राप्त होता है, जो इस पोषक तत्व के दैनिक आवश्यकताओं के 10 फीसदी की पूर्ति कर सकता है। कोलीन मस्तिष्क के विकास और तंत्रिका तंत्र को स्वस्थ रखने के साथ कोलेस्ट्रॉल को लिवर में जमा होने से रोकने में मदद करता है।
एंटीऑक्सिडेंट्स का अच्छा स्रोत
फूलगोभी एंटीऑक्सिडेंट का अच्छा स्रोत माना जाता है, जो शरीर की कोशिकाओं को हानिकारक मुक्त कणों से बचाती है। फूलगोभी में ग्लूकोसाइनोलेट्स और आइसोथियोसाइनेट्स नामक एंटीऑक्सिडेंट मौजूद होते हैं जो आपको कैंसर जैसे गंभीर रोगों के जोखिम से सुरक्षित रखने में सहायक हो सकते हैं।
------------------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से प्राप्त जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।