दुनियाभर में स्वास्थ्य लाभ के लिए वर्षों से कई सारी औषधियों का इस्तेमाल किया जाता रहा है। एलोवेरा, ऐसे ही एक पौधे की प्रजाति है जिसमें कई औषधीय और पोषण संबंधी गुण मौजूद होते हैं, जिसे शरीर के लिए कई तरह से फायदेमंद माना जाता है। जलन और घाव के इलाज से लेकर त्वचा को स्वस्थ बनाए रखने तक के लिए एलोवेरा जेल को प्रयोग में लाया जाता है। पर क्या आप जानते हैं, जेल के साथ एलोवेरा का जूस भी सेहत को कई तरह से लाभ पहुंचा सकता है? यही कारण है कि आयुर्वेद विशेषज्ञ रोजाना एलोवेरा जूस के सेवन की सलाह देते हैं।
आज का हेल्थ टिप्स: डायबिटीज हो या त्वचा संबंधी समस्या, एलोवेरा जूस का सेवन है बेहद फायदेमंद
पाचन के लिए बेहद फायदेमंद
जिन लोगों को अक्सर कब्ज की समस्या बनी रहती है उनके लिए एलोवेरा के जूस का सेवन करना विशेष लाभप्रद माना जाता है। एलोवेरा के पौधे के बाहरी भाग में एंथ्राक्विनोन नामक यौगिक होते हैं जिसे लैक्सेटिव के रूप में काफी फायदेमंद माना जाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक जिन लोगों को अक्सर पाचन संबंधी समस्या बनी रहती है, उनके लिए रोजाना एलोवेरा जूस के सेवन करना बेहद फायदेमंद हो सकता है।
डायबिटीज रोगियों को पीना चाहिए एलोवेरा जूस
स्वास्थ्य विशेषज्ञ डायबिटीज के रोगियों के लिए एलोवेरा के जूस का सेवन करना फायदेमंद मानते हैं। जर्नल ऑफ़ क्लिनिकल फ़ार्मेसी एंड थेरेप्यूटिक्स में प्रकाशित 2016 के एक मेटा-विश्लेषण के अनुसार, प्रीडायबिटीज और टाइप-2 डायबिटीज वाले लोगों में ब्लड शुगर को नियंत्रित करने में एलोवेरा का सेवन करना विशेष लाभदायक हो सकता है। शोधकर्ताओं ने पाया कि एलोवेरा जूस का रोजाना सेवन करने वाले लोगों में फास्टिंग ब्लड शुगर लेवल नियंत्रित बना रह सकता है।
त्वचा और बालों की सेहत के लिए फायदेमंद
एलोवेरा का जूस, त्वचा को चिकनी, चमकदार और साफ बनाए रखने में मदद करता है और बालों के विकास को बढ़ावा देता है। इसके जेल का उपयोग त्वचा पर जलन और निशान से छुटकारा दिला सकता है। इसका उपयोग त्वचा के साथ-साथ खोपड़ी के मॉइस्चराइजिंग के रूप में भी किया जा सकता है। एलोवेरा के जूस का सेवन करने से त्वचा को अंदरूनी लाभ प्राप्त होता है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से प्राप्त जानकारियों आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।