पाचन की समस्याएं जैसे गैस, कब्ज और दस्त होना काफी कॉमन है, यह कई कारणों से हो सकता है। लाइफस्टाइल और आहार में गड़बड़ी को इसके प्रमुख कारणों में से एक माना जाता रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, वैसे तो पाचन की ये दिक्कतें सामान्य दवाओं और घरेलू उपचार से आसानी से ठीक हो जाती हैं, पर कुछ स्थितियों में ये गंभीर अंतर्निहित स्वास्थ्य समस्या का संकेत भी हो सकती हैं, ऐसे में अगर आपको कुछ समय से इस तरह की दिक्क्तें अक्सर बनी रहती हैं तो इसपर ध्यान देना और समय रहते उपचार कराना बहुत जरूरी हो जाता है।
Digestion Problem: पाचन की समस्या से रहते हैं परेशान? आहार में शामिल करिए ये चार फल, मिलेगा जल्द लाभ
सेब आपके लिए कई प्रकार से लाभकारी
सेब को हमारी सेहत के लिए कई प्रकार से लाभकारी फलों में से एक माना जाता है, कहावत भी रही है कि रोजाना एक सेब खाने वाले लोगों को डॉक्टर की जरूरत कम पड़ती है। शोधकर्ताओं ने पाया कि ये फल आपके पाचन स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद हो सकता है। सेब में पेक्टिन फाइबर की मात्रा अधिक होती है और पेक्टिन कब्ज और दस्त दोनों से राहत प्रदान कर सकता है। पेक्टिन अपनी घुलनशील प्रकृति और शरीर में कोलेस्ट्रॉल या विषाक्त पदार्थों को कम करने के लिए भी जाना जाता है।
कीवी फल से पाचन को लाभ
कीवी फल विटामिन-सी के सबसे अच्छे स्रोतों में से एक है, यही कारण है कि इसे बेहतर इम्युनिटी वाले फलों में से एक माना जाता है पर क्या आप जानते हैं कि यह फल आपके पाचन स्वास्थ्य के लिए भी काफी लाभकारी हो सकता है?
अध्ययनकर्ताओं ने पाया कि कीवी फल, डायट्री फाइबर का अच्छा स्रोत है, ऐसे में इसके सेवन से पेट की कई समस्याओं के खतरे को कम किया जा सकता है। कीवी फल में एक्टिनिडिन नामक एंजाइम भी होता है जो प्रोटीन का बेहतर पाचन करने में सहायक है।
केले पेट के लिए बहुत फायदेमंद
केले, अपनी उच्च मात्रा में फाइबर वाले गुणों के लिए जाने जाते हैं, घरेलू उपचार के तौर पर भी दस्त और अपच की समस्या में केले के सेवन की सलाह दी जाती रही है। आंत की समस्याओं के जोखिमों को कम करने और पाचन प्रक्रिया को तेज करने के लिए केले का सेवन किया जा सकता है। केले में एनाटासिड प्रभाव भी होता है जो पेट की परत में बनने वाले अल्सर से पेट की रक्षा करता है।
आम भी आपके लिए लाभकारी
आम खाना भी आपके पेट के लिए लाभकारी फलों में से एक है, यह विटामिन-सी के सबसे अच्छे स्रोतों में से भी है, यही कारण है कि इसे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने वाला माना जाता है। आम में कई ऐसे एंजाइम होते हैं जो प्रोटीन का आसानी से ब्रेक डाउन करने और पाचन को ठीक रखने में सहायता करते हैं। आम में फाइबर की मात्रा, पाचन तंत्र को ठीक रखने और अपशिष्टों को दूर करने में आपके लिए फायदेमंद मानी जाती है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।