शरीर को बेहतर तरीके से काम करते रहने के लिए ऊर्जा की आवश्यकता होती है, जिसका प्रमुख स्रोत है भोजन। यदि आपका भोजन पौष्टिक, विटामिन्स-मिनरल्स से भरपूर नहीं है तो आपको अक्सर थकान-कमजोरी महसूस होते रह सकती है। इसके अलावा कुछ स्थितियों में कई अंतर्निहित स्वास्थ्य समस्याएं जैसे एनिमिया, डायबिटीज के कारण भी लो एनर्जी की दिक्कत बनी रह सकती है। इन सबसे बचाव के लिए जरूरी है कि आप आहार की गुणवत्ता और पौष्टिकता में सुधार करें।
Energy Booster: अक्सर महसूस होता है जैसे शरीर में ताकत ही नहीं? एनर्जी ड्रिंक्स नहीं, इन चीजों से मिलेगा लाभ
पहले जानिए, एनर्जी ड्रिंक्स क्यों नुकसानदायक हैं?
अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ पिट्सबर्ग के शोधकर्ताओं ने अध्ययन के निष्कर्षों के आधार पर बताया कि एनर्जी ड्रिंक्स में कैफीन और अन्य उत्तेजक पदार्थों का मिश्रण होता है, ये आपको कुछ समय के लिए तुरंत एनर्जी तो देते हैं पर ये पेय समग्र स्वास्थ्य के लिए जोखिम पैदा कर सकते हैं। इनमें कैफीन और ऐडेड शुगर की अधिक मात्रा होती है। कुछ में ग्वाराना, टॉरिन और एल-कार्निटाइन जैसे तत्व भी होते हैं, जो आपकी हृदय गति और तनाव के स्तर में वृद्धि कर सकते हैं। अधिक मात्रा में कैफीन का सेवन करने से चिंता, बेचैनी और सोने में परेशानी हो सकती है।
आपको अन्य स्वस्थ विकल्पों का चयन करना चाहिए।
संयमित मात्रा में करें कॉफी का सेवन
कॉफी का सेवन करना सेहत के लिए लाभकारी हो सकता है। भले ही इसमें भी कैफीन की मात्रा होती है पर अगर संयमित मात्रा में कॉफी पीते हैं तो इससे कई प्रकार के स्वास्थ्य लाभ का भी जिक्र मिलता है। यह न सिर्फ आपकी ऊर्जा को बढ़ाता है साथ ही ब्लड प्रेशर को कम रखने में भी इसके लाभ हैं। अध्ययनों में कॉफी के सेवन को डिमेंशिया और डायबिटीज की दिक्कतों को भी कम करने वाला पाया गया है पर इसकी अधिकता नुकसानदायक हो सकती है।
डार्क चॉकलेट के कई फायदे
डार्क चॉकलेट, एनर्जी बूस्ट करने का अच्छा विकल्प हो सकता है। मूड और मस्तिष्क के कामकाज में सुधार करने के साथ इसमें मौजूद कोकोआ एंटीऑक्सीडेंट, कोशिकाओं की रक्षा करने, रक्तचाप कम करने और मस्तिष्क में रक्त प्रवाह में सुधार करने में मदद कर सकती है। स्ट्रेस-एंग्जाइटी वाले लोगों में भी डार्क चॉकलेट के सेवन से लक्षणों को कम होने में विशेष लाभ देखा गया है।
अंडे और चिकन को बनाएं आहार का हिस्सा
अक्सर थकान-कमजोरी महसूस करते रहते हैं तो इससे छुटकारा पाने का बेहतर तरीका है कि आप आहार में अंडे और चिकन को शामिल करें। अकेले अंडे में 70 कैलोरी और 6 ग्राम तक प्रोटीन होता है। यह शरीर को ऊर्जावान रखने का बेहतर तरीका हो सकता है। इसी तरह चिकन को लीन प्रोटीन का अच्छा स्रोत माना जाता है। चिकन में अन्य मांसों की तुलना में सेचुरेटेड फैट की मात्रा कम होती है, जो इसे सेहत के लिए लाभकारी बनाती है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।