दूसरों की बर्थडे पार्टी, महंगी चीजें, घूमने-फिरने की तस्वीरें और दोस्तों की मस्ती देखकर क्या आपका बच्चा भी उदास हो जाता है? क्या उसे लगता है कि दूसरे बच्चों की जिंदगी उससे ज्यादा अच्छी है? अगर हां, तो यह फोमो यानी कुछ छूट जाने का डर हो सकता है।
हेल्थ टिप्स: दूसरों की जिंदगी देखकर बच्चे को न होने दें उदास, माता-पिता अपनाएं 'जोमो' का ये खास तरीका
सोशल मीडिया के दौर में दूसरे बच्चों की पार्टी, घूमने-फिरने और मौज-मस्ती देखकर बच्चे फोमो यानी फियर ऑफ मिसिंग आउट या कुछ छूट जाने के डर का शिकार हो सकते हैं। इससे बचाने के लिए माता-पिता उन्हें जोमो यानी छूट जाने के बावजूद खुश रहना सिखाएं। बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाएं और उन्हें वर्तमान पलों का आनंद लेना सिखाएं।
'जोमो' बना खुशी का पासवर्ड
जोमो यानी जॉय ऑफ मिसिंग आउट का अर्थ है, उस गतिविधि में शामिल न हो पाने पर भी खुश रहना और अपने पलों का आनंद लेना। यदि बच्चा अपने किसी दोस्त को मूवी पर जाते देख दुखी है कि वह नहीं जा सका तो उसकी भावनाओं को समझें और स्वीकार करें।
- उसे यह न कहें कि दुखी होने की क्या बात है, बल्कि कहें, 'मैं समझ सकती हूं कि तुम्हें बुरा लग रहा है। चलो, मूवी नहीं तो आज घर पर ही मस्ती करते हैं।
- घर पर ही मूवी देखते हैं एकदम थिएटर स्टाइल में।' उसको उन तैयारियों में शामिल करें, जिनसे वह व्यस्त भी हो और उन पलों का आनंद भी ले।
कैसा महसूस करना है, तय करने दें
फोमो और जोमो दोनों को आप समझ चुकी हैं। अब आपको अपने बच्चे को फोमो से बचाने के लिए हर अनुभव से दूर नहीं रखना, बल्कि इतना आत्मविश्वासी बनाना है कि वे दूसरों से अपनी तुलना न करें और अपनी खुशियों को पहचान सकें। उन्हें समझाएं कि खुशी के लिए सब कुछ पाना जरूरी नहीं।
- जब वे फोमो महसूस करें, तो आप उन्हें कहें कि 'तुम खुद तय करो कि तुम्हें कैसा महसूस करना है। परेशान होना है या कुछ नया करना है?' वहीं सबसे बड़ी परेशानी है, सोशल मीडिया। ऐसे में उन्हें समझाएं कि सोशल मीडिया पर दिखने वाली तस्वीरें असल जिंदगी की कहानी नहीं कहतीं।
मन में विकसित करना होगा वो आनंद
क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. आरती आनंद बताती हैं कि बच्चों को जोमो के बारे में बताना आज के डिजिटल दौर में बेहद जरूरी है। आप उन्हें समझाएं कि हर पार्टी में जाना, हर ट्रेंड फॉलो करना या सोशल मीडिया पर सक्रिय रहना जरूरी नहीं है, क्योंकि खुशी और आत्मसम्मान लाइक्स या लोकप्रियता से तय नहीं होते। इसके लिए माता-पिता खुद भी डिजिटल अनुशासन अपनाएं।
उन्हें बताएं कि हर चीज में शामिल होने से ज्यादा जरूरी है वर्तमान पल का आनंद लेना।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।