मधुमेह मौजूद समय की सबसे तेजी से बढ़ती गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं में से एक है। रक्त में शर्करा का स्तर बढ़ने के कारण होने वाली यह समस्या शरीर को कई प्रकार से प्रभावित कर सकती है। जिन लोगों का ब्लड शुगर लेवल अक्सर अनियंत्रित बना रहता है, ऐसे लोगों में किडनी, आंख सहित शरीर के अन्य अंगों में भी कई तरह की दिक्कतों का जोखिम काफी बढ़ जाता है। डायबिटीज या मधुमेह मुख्य रूप से दो प्रकार का होता है- टाइप-1 डायबिटीज और टाइप-2 डायबिटीज। इन स्थितियों में शरीर इंसुलिन नामक हार्मोन्स का सही तरीके से उपयोग नहीं कर पाता है।
सेहत की बात: अक्सर बनी रहती है पाचन की समस्या? कहीं यह डायबिटीज का संकेत तो नहीं, जानिए क्या कहते हैं विशेषज्ञ
क्या डायबिटीज के कारण पाचन की भी हो सकती हैं दिक्कतें?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, डायबिटीज की समस्या को मुख्यरूप से किडनी, आंखों की दिक्कतों वाला माना जाता रहा है, पर यह आपके पाचन तंत्र की सेहत को भी प्रभावित कर सकती है। शरीर में ब्लड शुगर का स्तर बढ़ना जठरांत्र संबंधी मार्ग को प्रभावित कर सकता है, जिसके कारण पेट से संबंधित कई तरह की दिक्कतों का जोखिम बढ़ जाता है। विशेषज्ञों का मानना है कि चूंकि ब्लड शुगर का बढ़ना तंत्रिकाओं को भी क्षति पहुंचाता है, ऐसे में यह गैस्ट्रोइंटस्टाइनल समस्याओं का कारण बनती है।
अध्ययनों से पता चलता है कि जब हाई डायबिटीज के कारण तंत्रिकाएं प्रभावित हो जाती है तो इस स्थिति में पेट के अंग और अन्नप्रणाली ठीक तरीके से काम नहीं कर पाती है जिसके कारण कई तरह की दिक्कतों का जोखिम बढ़ जाता है। आइए जानते हैं कि इन स्थितियों में किस तरह की दिक्कतें हो सकती हैं?
पाचन की गड़बड़ी
जिन लोगों का ब्लड शुगर लेवल अक्सर बढ़ा रहता है ऐसे लोगों में पाचन की गड़बड़ी की समस्या अधिक देखी जाती है, मेडिकल की भाषा में इसे गैस्ट्रोपेरेसिस कहा जाता है। यह स्थिति आपके भोजन को पचाने के तरीके को प्रभावित करती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक हाई ब्लड शुगर की स्थिति में तंत्रिका क्षति के कारण पाचन तंत्र से संबंधित मांसपेशियां कमजोर हो जाती हैं। इससे भोजन लंबे समय तक पेट में बना रह सकता है। यह स्थिति भोजन से पोषक तत्वों के अवशोषण को भी बाधित कर देती है।
ऐसे लक्षणों को लेकर बरतें सावधानी
जिन लोगों को हाई ब्लड शुगर के कारण गैस्ट्रोपेरिसिस की दिक्कत होती है, उनमें पेट से संबंधित कई तरह की दिक्कतें हो सकती हैं। सभी लोगों को ऐसे लक्षणों को लेकर भी सावधानी बरतते रहने चाहिए। लगातार इस तरह की समस्याओं का बने रहना भी दर्शाता है कि आप डायबिटीज के शिकार हैं। ऐसे लोगों में मतली और उल्टी, पेट में जलन, भूख कम लगना, पेट में सूजन या दर्द जैसी दिक्कतों का अक्सर अनुभव होता रह सकता है।
डायबिटीज में पाचन समस्या हो तो क्या करें?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं जिन लोगों को डायबिटीज में पाचन की समस्या होती है, उन्हें आहार पर विशेष ध्यान रखने की जरूरत होती है। इसके लिए भोजन को थोड़ा-थोड़ा करके तीन-चार बार में खाना चाहिए। इससे आपके पेट में कम भोजन रहेगा और इसका पाचन सिस्टम से गुजरना आसान होगा। इसके अलावा नरम, अधिक तरल रूप भोजन करना ज्यादा अच्छा माना जाता है। सबसे जरूरी बात, ब्लड शुगर लेवल की जांच करते रहें और इसे कंट्रोल में रखने के उपाय करें।
---------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।