Dental Care Tips: दांतों में कीड़े लगना या कैविटी होना एक आम समस्या है, जिससे बहुत से लोग परेशान रहते हैं। खराब खानपान और नियमित रूप से दांतों की ठीक से सफाई न करना इसके सबसे प्रमुख कारण होते हैं। दांतों में कैविटी न सिर्फ दर्द और संवेदनशीलता का कारण बनती है, बल्कि अगर समय पर ध्यान न दिया जाए, तो दांतों को बड़ा नुकसान भी पहुंचा सकती है। भारतीय दंत चिकित्सा संगठन के अनुसार, भारत में बहुत से लोग दांतों की समस्याओं से जूझ रहे हैं, जिनमें कैविटी प्रमुख है।
Tooth Cavity: दांत के कीड़ों को जड़ से हटाने के लिए अपनाएं ये घरेलू उपाय, जल्द मिलेगी राहत
खराब खानपान और नियमित रूप से दांतों की ठीक से सफाई न करने की वजह से अक्सर लोग दांतों की कैविटी से परेशान रहते हैं। आइए इस लेख में चार ऐसे घरेलू उपायों के बारे में जानते हैं जो दांतों में कीड़ों की समस्या को कम करने या शुरुआती लक्षणों में राहत दिलाने में सहायक हो सकते हैं।
1. सरसों का तेल और नमक का पेस्ट
सरसों का तेल अपने एंटी बैक्टीरियल गुणों के लिए जाना जाता है, और नमक में एंटीसेप्टिक गुण होते हैं। एक चम्मच सरसों के तेल में चुटकी भर नमक मिलाकर पेस्ट बनाएं। इस पेस्ट से कैविटी वाली जगह पर 2-3 मिनट तक हल्के हाथों से ब्रश करें और फिर गुनगुने पानी से कुल्ला करें। यह उपाय बैक्टीरिया को मारता है और दर्द से राहत देता है। इसे दिन में दो बार, सुबह और रात को करने से आपको कुछ ही दिनों में फायदे देखने को मिल सकता है।
2. फिटकरी और सेंधा नमक का पाउडर
फिटकरी और सेंधा नमक दोनों ही नेचुरल एंटीसेप्टिक हैं, जो मुंह के बैक्टीरिया को खत्म करने में मदद कर सकते हैं। एक चम्मच फिटकरी पाउडर को आधा चम्मच सेंधा नमक के साथ मिलाएं। इस मिश्रण को उंगली या टूथब्रश की मदद से कैविटी वाली जगह पर लगाएं और 1-2 मिनट बाद कुल्ला करें। यह उपाय कैविटी के कारण होने वाली सूजन और दर्द को कम करता है। हफ्ते में 3-4 बार इसका उपयोग करें।
3. लौंग का तेल
लौंग का तेल अपने दर्द निवारक और एंटी बैक्टीरियल गुणों के लिए मशहूर है। लौंग का तेल कैविटी के दर्द से तुरंत आराम दिलाने में मदद कर सकता है। एक रुई के टुकड़े पर 2-3 बूंद लौंग का तेल लगाएं और इसे दांत पर 5-10 मिनट तक रखें। इसके बाद गुनगुने पानी से कुल्ला करें। दिन में 2-3 बार यह उपाय करने से कीड़े और दर्द से राहत मिल सकती है।
4. हींग का उबला पानी
हींग में एंटी-माइक्रोबियल गुण होते हैं, जो मुंह के बैक्टीरिया को खत्म करने में मदद करते हैं। एक गिलास पानी में आधा चम्मच हींग पाउडर डालकर 5 मिनट तक उबालें। ठंडा होने पर इस पानी से दिन में 2-3 बार कुल्ला करें। यह उपाय कैविटी के कारण होने वाली सूजन को कम करता है और बैक्टीरिया को जड़ से हटाने मदद करता है।
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।