कोरोना वायरस संक्रमण दुनिया के 186 देशों में पहुंच चुका है दुनिया भर में 3।40 लाख से अधिक लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हैं और करीब 14,600 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। भारत में कोविड-19 के 360 से अधिक मामले पाए गए हैं। साथ ही सात लोगों के मौत की भी पुष्टि हो चुकी है। वहीं 23 मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं।
कोरोना वायरस: मास्क पहनना चाहिए या नहीं, कैसे करें इस्तेमाल और क्या सावधानियां हैं जरूरी?
इन सबके बीच एक सवाल ये भी पूछा जा रहा है कि क्या मास्क पहनने से बचाव संभव है? या क्या मास्क पहनना सुरक्षित है? लेकिन जितना आसान आप इस सवाल का जवाब सोच रहे हैं ये उतना है नहीं।
बहुत से देश जैसे की ब्रिटेन, अमरीका और सिंगापुर में लोगों को सलाह दी गई है कि अगर वो बीमार नहीं है तो मास्क ना ही पहनें। यह सलाह विश्व स्वास्थ्य संगठन के आधार पर जारी की गई है और संभवत: यही कारण है कि आपने इन देशों की सड़कों पर बहुत कम लोगों को मास्क पहने हुए देखा होगा।
वहीं, बहुत से देशों में मसलन चीन, हांगकांग, ताइवान, दक्षिण कोरिया और जापान में मास्क पहनना एक सोशल कल्चर बन गया है और आप पाएंगे कि ज्यादातर लोगों ने मास्क पहन रखा है। जो लोग मास्क का इस्तेमाल कर रहे हैं उनका तर्क है कि यह पहनना बहुत जरूरी है। उनका कहना है कि हो सकता है कि जो लोग स्वस्थ लग रहे हों उनमें भी वायरस हो। लेकिन कुछ लोगों का कहना है कि जो लोग स्वस्थ हैं फिर भी मास्क का इस्तेमाल कर रहे हैं उनकी वजह से उन लोगों को मास्क की कमी से जूझना पड़ रहा है जिन्हें वाकई इसकी जरूरत है।
हालांकि मास्क पहनना है या नहीं पहनना है ये एक विवादास्पद मुद्दा है। वहीं ऐसे बहुत से मामले हैं जिसमें लोग मास्क पहन रहे लोगों पर हमले भी हुए हैं, क्योंकि ज्यादातर देशों में मास्क पहनने का चलन बिल्कुल नहीं रहा है।
इस बीच चीन और दक्षिण कोरिया में मास्क नहीं पहनने वालों को गलत माना जा रहा है और कई इमारतों में तो बिना मास्क पहने लोगों के प्रवेश को भी प्रतिबंधित कर दिया गया है। लेकिन इस बारे में आखिर विश्व स्वास्थ्य संगठन का दिशानिर्देश क्या है!
- अगर आप स्वस्थ हैं तो उस स्थिति में आपको मास्क पहनने की जरूरत तभी है जब आप किसी कोरोना वायरस संक्रमित व्यक्ति की देखभाल कर रहे हों।
- अगर आपको सर्दी है या फिर खांसी आ रही है तो मास्क पहनें।
- कुछ लोगों को लगता है कि मास्क पहन लिया तो सुरक्षित हो गए लेकिन ऐसा नहीं है। मास्क पहनना कभी कारगर साबित होगा जब आपके हाथ भी साफ रहें।
- समय-समय पर अपने हाथ साफ करते रहें और हाथ साफ करने के लिए एल्कोहॉल बेस्ड हैंड सोप या सेनेटाइजर का इस्तेमाल करें।
- अगर आप मास्क पहन रहे हैं तो सबसे जरूरी ये है कि आपको इसे पहनने और इस्तेमाल करने का तरीका पता हो।