अमेरिका में फाइजर वैक्सीन के इमरजेंसी इस्तेमाल की इजाजत मिल गई है, जिसके बाद अधिकारियों ने कहा है कि जनता को सोमवार से वैक्सीन मिलनी शुरू हो जाएगी। कोरोना वैक्सीन के डिस्ट्रीब्यूशन की देखरेख कर रहे जनरल गुस्ताव पर्ना का कहना है कि वैक्सीन की 30 लाख डोज की पहली खेप इस सप्ताह के अंत में सभी राज्यों में पहुंचाई जा रही है। दावा किया जा रहा है कि ये वैक्सीन कोविड-19 से 95 फीसदी सुरक्षा देती है और फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन विभाग (एफडीए) ने इसे सुरक्षित बताया है। शनिवार को अमेरिका में 3309 लोगों की कोरोना से मौत हुई। जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के आंकड़ों के मुताबिक दुनिया में एक दिन में इतनी मौतें कहीं भी नहीं हुई हैं।
Coronavirus Vaccine: इस देश में सोमवार से मिलनी शुरू हो जाएगी वैक्सीन, टीकाकरण अभियान का ये है पूरा प्लान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमेरिका में नवंबर से ही कोरोना वायरस से मौत की संख्या तेजी से बढ़ रही है। शुक्रवार को इसके इमरजेंसी इस्तेमाल की इजाजत देते हुए एफडीए ने कहा कि ये कदम महामारी के दौर में मील का पत्थर साबित होगा। ट्रंप सरकार की ओर से एफडीए पर वैक्सीन के इमरजेंसी इस्तेमाल की इजाजत को लेकर काफी दबाव था।
ब्रिटेन में इस वैक्सीन के टीकाकरण की मुहिम शुरू की जा चुकी है। अमेरिकी सरकार के वैक्सीनेशन अभियान के प्रमुख जनरल पर्ना ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अगले 24 घंटे में वैक्सीन शिपिंग कंटेनर्स में पैक हो जाएंगी। उन्होंने कहा, 'सोमवार को 145 जगहों पर वैक्सीन पहुंचने की उम्मीद है, मंगलवार तक 425 जगहों पर और बुधवार को और 66 जगहों पर वैक्सीन पहुंच जाएगी।' उन्होंने कहा कि अगले हफ्ते पहुंचने वाली वैक्सीन फाइजर की शुरुआती डिलीवरी होगी और इससे 30 लाख लोगों का टीकाकरण किया जा सकेगा।
जनरल पर्ना ने पत्रकारों से कहा कि वे 100 फीसदी आश्वस्त हैं कि कोविड-19 का हराने वाली वैक्सीन को सुरक्षित तय जगहों पर पहुंचाया जा सकेगा। लेकिन उन्होंने चेतावनी दी कि वैक्सीन के मामले में भले ही इस हफ्ते काफी प्रगति हुई है, लेकिन जब तक सभी अमेरिकियों को वैक्सीन ना पहुंच जाए तब तक काम खत्म नहीं हुआ है। फाइजर की कोरोना वैक्सीन को ब्रिटेन, कनाडा, बहरीन और सऊदी अरब में अप्रूवल मिल चुका है। इन्हीं देशों की तरह अमेरिका में भी वैक्सीन के लिए पहले हेल्थ वर्कर्स और केयर होम में रहने वालों को प्राथमिकता दी जाएगी। प्राथमिकता वाले समूह से अलग बाकी अमेरिकियों को जनवरी में वैक्सीन मिल सकेगी। माना जा रहा है कि अप्रैल तक वैक्सीन सभी के लिए सुनिश्चित हो सकेगी।
एफडीए ने वैक्सीन के बारे में क्या कहा है?
एफडीए के प्रमुख स्टीफन हान ने बताया, 'एफडीए ने इस कोविड वैक्सीन के इमरजेंसी इस्तेमाल की इजाजत दी है जो इस महामारी से निपटने में मील का पत्थर साबित होगा।' उन्होंने बताया कि एक खुली और पारदर्शी प्रक्रिया के जरिए ये सुनिश्चित किया गया है कि वैक्सीन एफडीए के मानकों के अनुकूल है। गुरुवार को एफडीए के सलाहकार मेडिकल एक्सपर्ट्स ने वैक्सीन के इमरजेंसी इस्तेमाल की इजाजत दे दी। 23 सदस्यों का पैनल इस निष्कर्ष पर पहुंचा है कि वैक्सीन के फायदे इसके खतरों से कहीं ज्यादा हैं।
एफडीए का कहना है कि इमरजेंसी इस्तेमाल का मतलब पूरी इजाजत नहीं है और पूर्ण अनुमोदन के लिए फाइजर को अलग से अप्लाई करना पड़ेगा। अमेरिकी मीडिया के अनुसार हान को कहा गया था कि या तो वैक्सीन को इमरजेंसी इस्तेमाल के लिए अप्रूव करें या फिर पद से इस्तीफा दे दें। हान ने इन खबरों को गलत बताया है और कहा कि एजेंसी ने सुरक्षा को लेकर कोई समझौता नहीं किया है।