शरीर को स्वस्थ रखने के लिए सिर्फ हार्ट, लिवर और फेफड़ों का ख्याल रखना काफी नहीं है, नियमित रूप से दांतों और मसूड़ों की देखभाल भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। अक्सर लोग दिन में दो बार ब्रश करने को ही ओरल हेल्थ के लिए पर्याप्त मान लेते हैं, लेकिन हमारी खानपान की आदतें और ब्रश करने का तरीका भी दांतों की सेहत को प्रभावित करता है।
ओरल हेल्थ: दांतों की चमक छीन सकती हैं आपकी ये गड़बड़ आदतें, आज ही करें सुधार
दांतों और मसूड़ों की सेहत पर खानपान और रोजमर्रा की आदतों का सीधा असर पड़ता है। ज्यादा मीठा, कोल्ड ड्रिंक, तंबाकू, चाय-कॉफी दांतों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। सही तरीके से ब्रश करने और नियमित डेंटल चेकअप से ओरल हेल्थ बेहतर रखी जा सकती है।
तंबाकू पूरे ओरल हेल्थ के लिए नुकसानदायक
सिगरेट, बीड़ी, गुटखा और पान मसाला दांतों पर पीले या भूरे दाग छोड़ सकते हैं। तंबाकू मसूड़ों की बीमारियों और मुंह के कैंसर का खतरा भी बढ़ाता है। मसूड़ों की बीमारी बढ़ने पर दांतों को सहारा देने वाले ऊतकों और हड्डी को नुकसान पहुंच सकता है, जिससे दांत ढीले होने लगते हैं।
ज्यादा मीठा खाना पड़ सकता है भारी
चॉकलेट, कैंडी, मिठाइयां और चीनी वाले पेय पदार्थों का बार-बार सेवन दांतों के लिए नुकसानदायक हो सकता है। मुंह में मौजूद बैक्टीरिया चीनी का इस्तेमाल करके एसिड बनाते हैं, जो इनेमल को कमजोर कर सकता है। इससे दांतों में कैविटी होने का खतरा बढ़ता है। इसलिए मीठी चीजें कम खाएं और खाने के बाद कुल्ला करने की आदत डालें।
कोल्ड ड्रिंक और ज्यादा चाय-कॉफी भी नुकसानदायक
कोल्ड ड्रिंक्स और कई एनर्जी ड्रिंक्स में चीनी और एसिड होते हैं। इनका बार-बार सेवन दांतों की बाहरी परत को नुकसान पहुंचा सकता है। धीरे-धीरे दांतों में ठंडा-गर्म लगने और रंग पीला होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
- चाय और कॉफी में मौजूद टैनिन दांतों पर दाग जमने का खतरा बढ़ा सकते हैं।
- वहीं डाइट से कैल्शियम और विटामिन-डी की पर्याप्त मात्रा न मिलने से दांतों और हड्डियों की सेहत प्रभावित हो सकती है।
- दांतों की सेहत को ठीक रखने के लिए कुछ भी खाने-पीने के बाद मुंह की अच्छे से साफ-सफाई करें।
दांतों की साफ-सफाई को लेकर भी बरतें सावधानी
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, कुछ लोग दांत चमकाने के लिए बहुत जोर से ब्रश करते हैं, लेकिन इससे इनेमल घिस सकता है और मसूड़ों की समस्याएं बढ़ सकती हैं। इसलिए हमेशा मुलायम ब्रिसल वाले ब्रश से हल्के हाथों से दांत साफ करें। दिन में दो बार फ्लोराइड युक्त टूथपेस्ट से ब्रश करने की आदत बनाएं।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।