Medically Reviewed by Dr. Rajan Gandhi
जनरल फिजिशियन, चाइल्डकेयर हॉस्पिटल, उजाला सिग्नस हॉस्पिटल
डिग्री- एम.बी.बी.एस, डिप्लोमा सी.एच
अनुभव- 25 वर्ष
देश में कोरोना संक्रमण के दैनिक मामले अभी 30-35 हजार के ऊपर ही बने हुए हैं। ऐसे में तीसरी लहर के खतरे की आशंका ने सरकार से लेकर लोगों तक को चिंता में डाल दिया है। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च यानी आईसीएमआर डिवीजन ऑफ एपिडेमियोलॉजी एंड कम्युनिकेबल डिजीज के प्रमुख डॉ. समीरन पांडा ने अनुमान जताया है कि अगले महीने यानी अगस्त के अंत तक देश में कोरोना की तीसरी लहर आ सकती है। हालांकि अनुमान यह भी जताया गया है कि तीसरी लहर का प्रभाव दूसरी लहर के मुकाबले थोड़ा कम होगा। लेकिन फिर भी इससे बचाव जरूरी है। चूंकि कोरोना की दूसरी लहर में लाखों लोग संक्रमित हुए हैं और इस वजह से उनकी इम्यूनिटी काफी कमजोर हो गई है, इसलिए ऐसे लोगों को तो विशेष तौर पर सावधान रहना चाहिए। आइए जानते हैं कि कोरोना की संभावित तीसरी लहर से बचने के लिए कौन-कौन सी सावधानियां बरतनी जरूरी हैं?
अलर्ट: अगले महीने आ सकती है कोरोना की तीसरी लहर, बचने के लिए अभी से अपना लें ये चार नियम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मास्क पहनें
- मास्क पहनना, कोरोना से बचने के सबसे कारगर उपायों में से एक है, लेकिन इसके लिए भी जरूरी है कि मास्क सही तरीके से पहनें। ऐसा देखने को मिलता है कि कई लोग बिना मास्क के भी घूम रहे हैं और कई तो मास्क लगाकर भी नहीं लगाने जैसा व्यवहार कर रहे हैं, यानी मास्क को नाक और मुंह से नीचे करके रख रहे हैं। ऐसा बिल्कुल न करें। यह आपके और आपके परिवार के लिए खतरनाक हो सकता है।
सुरक्षित शारीरिक दूरी अपनाएं
- कोरोना से बचने के लिए सुरक्षित शारीरिक दूरी का पालन करना अति आवश्यक है, क्योंकि कोरोना के कई मरीज बिना लक्षण वाले भी होते हैं, जिसका पता आपको नहीं चलता और हो सकता है कि उसके संपर्क में आने से आप भी संक्रमित हो जाएं। इसलिए बाहरी लोगों को उचित दूरी बनाकर रखें और कोशिश करें कि भीड़-भाड़ वाली जगहों पर न जाएं।
नियमित रूप से हाथ धोते रहें
- यह भी कोरोना से बचने के नियमों में शामिल है। अगर आप घर पर भी हैं तो यह जरूरी है कि साबुन और पानी से कम से कम 20 सेकेंड तक अच्छी तरह से अपने हाथ धोएं और अगर कहीं बाहर गए हैं और साबुन-पानी की व्यवस्था नहीं है, तो सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें।
वैक्सीन जरूर लगवाएं
- देश में अब तक 39 करोड़ 13 लाख से अधिक कोरोना के टीके लगाए जा चुके हैं और टीकाकरण अभियान जारी है। विशेषज्ञ कहते हैं कि सभी को वैक्सीन लगवानी जरूरी है, यह भले ही आपको संक्रमण से न बचाए, लेकिन बीमारी की गंभीरता से जरूर बचाती है।
नोट: डॉ. राजन गांधी अत्यधिक योग्य और अनुभवी जनरल फिजिशियन हैं। इन्होंने कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज से अपना एमबीबीएस पूरा किया है। इसके बाद इन्होंने सीएच में डिप्लोमा पूरा किया। फिलहाल यह उजाला सिग्नस कुलवंती अस्पताल, कानपुर में मेडिकल डायरेक्टर और सीनियर कंसल्टेंट फिजिशियन के तौर पर काम कर रहे हैं। यह आईएमए (इंडियन मेडिकल एसोसिएशन) के आजीवन सदस्य भी हैं। डॉ. राजन गांधी को इस क्षेत्र में 25 साल का अनुभव है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित अस्वीकरण- बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।