कोरोना वायरस से अब तक दुनियाभर में सात करोड़ से भी ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं जबकि 15 लाख से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं भारत में भी इसके मामले 97 लाख से ऊपर चले गए हैं जबकि एक लाख 42 हजार से भी अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। इस वायरस को दुनिया में आए एक साल होने वाला है, लेकिन अब तक वैज्ञानिक भी इसके बारे में पूरी तरह नहीं जान पाए हैं, जैसे कि इसके म्यूटेशन और लक्षणों के बारे में। तेज बुखार, सूखी खांसी, शरीर में दर्द, गले में खराश आदि तो कोरोना के आम लक्षण हैं, लेकिन अब माना जा रहा है कि पेट संबंधी बीमारियां, जैसे- पाचन तंत्र का सही न रहना भी कोरोना का लक्षण हो सकता है।
2 of 5
प्रतीकात्मक तस्वीर
- फोटो : Pixabay
भारत में ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें कोरोना संक्रमितों में पेट संबंधी बीमारियां पाई गई हैं। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर स्थित जिला अस्पताल के डॉ. राजेश कुमार के मुताबिक, कोरोना संक्रमित करीब 20 फीसदी मरीजों में ऐसी समस्याएं देखने को मिली हैं। ऐसे मरीजों को दस्त तो होते ही थे, साथ उनमें लिवर की भी समस्या थी। एक रिपोर्ट के मुताबिक, गोरखपुर में अब तक जिन 325 कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हुई है, उनमें से 10 से 15 फीसदी मरीजों को पेट संबंधी समस्याएं भी थीं।
3 of 5
प्रतीकात्मक तस्वीर
- फोटो : Pixabay
डॉक्टरों के मुताबिक, कोरोना संक्रमित मरीजों में मांसपेशियों में दर्द और न्यूरोलॉजिकल समस्याएं भी देखने को मिल रही हैं। कुछ महीने पहले आई एक रिपोर्ट में कहा गया था कि कोरोना संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती होने वाले 80 फीसदी मरीजों को न्यूरोलॉजिकल समस्या से गुजरना पड़ा है। इन समस्याओं में दिमाग का ठीक से काम न करना, सिरदर्द और चक्कर आने जैसी समस्याएं शामिल हैं। इस शोध को एनल्स ऑफ क्लिनिकल एंड ट्रांसलेशनल न्यूरोलॉजी में प्रकाशित किया गया था।
4 of 5
प्रतीकात्मक तस्वीर
- फोटो : Pixabay
कोरोना मरीजों में न्यूरोलॉजिकल समस्याएं संबंधी अध्ययन अमेरिका के शिकागो के नॉर्थवेस्टर्न मेडिसिन के शोधकर्ताओं ने किया था। इसमें उन्होंने 509 मरीजों के डेटा का विश्लेषण किया था। इसमें पाया गया था कि 43 फीसदी मरीजों ने प्रारंभिक अवस्था में ही कोरोना के न्यूरोलॉजिकल लक्षणों का सामना किया जबकि 63 फीसदी मरीजों ने अस्पताल में रहने के दौरान इस समस्या का सामना किया।
5 of 5
प्रतीकात्मक तस्वीर
- फोटो : Pixabay
उस अध्ययन में यह सामने आया था कि कोरोना वायरस की वजह से लोगों को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इनमें शॉर्ट टर्म मेमोरी लॉस की समस्या और ध्यान केंद्रित करने में परेशानी आदि शामिल हैं। इसलिए यह जरूरी है कि आप इस खतरनाक वायरस से बच कर रहें और दुनियाभर के वैज्ञानिकों द्वारा बताए गए नियमों का पालन करें, जिसमें नियमित रूप से हाथ धोना, मास्क पहनना और सामाजिक दूरी का पालन करना शामिल है।