काम करते-करते कई बार आपको भी जम्हाई या उबासी आती होगी। आमतौर पर इसे थकान या नींद आने का एक लक्षण माना जाता है जिसे हम लोग नजरअंदाज कर देते हैं। पर अगर आपको बार-बार जम्हाई आ रही है तो कुछ स्थितियों में सावधान हो जाने की जरूरत है, ये किसी गंभीर बीमारी का भी संकेत हो सकता है।
Yawning: क्या आपको भी बार-बार आती रहती है जम्हाई? कहीं ये किसी गंभीर बीमारी के कारण तो नहीं
क्यों आती है जम्हाई?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं अत्यधिक जम्हाई आने का सटीक कारण ज्ञात नहीं है। हालांकि कुछ स्थितियां हैं जो इसको बढ़ाने वाली हो सकती हैं।
- थकावट या थकान के कारण जम्हाई आ सकती है।
- अनिद्रा, तनाव या शिफ्ट वर्क के कारण नींद की कमी।
- नींद संबंधी विकार, जैसे स्लीप एपनिया या नार्कोलेप्सी।
- अवसाद या चिंता की दवाओं के साइड इफेक्ट्स के कारण भी इस तरह की दिक्कतें हो सकती हैं।
कहीं आपको स्लीप एपनिया तो नहीं?
ज्यादा उबासी आना नींद संबंधी बीमारी, जैसे कि ऑब्सट्रक्टिव स्लीप एपनिया का एक संकेत भी हो सकता है। इस समस्या में अत्यधिक नींद आती है और रात में सोते समय कई तरह की दिक्कतों का सामना भी करना पड़ता है, जिससे नींद पूरी नहीं हो पाती है औरअगले दिन काफी थका हुआ महसूस कर सकते हैं। इसके अलावा कुछ मामलों में ज्यादा उबासी आना मेटाबॉलिज्म से जुड़ी बीमारियों के कारण भी हो सकता है। रक्त में ग्लूकोज का स्तर कम होने से उबासी आनी शुरू हो जाती है।
नार्कोलेप्सी भी नींद से जुड़ी एक समस्या है। इसमें व्यक्ति कभी भी और कहीं भी अचानक सो सकता है। इस बीमारी में मरीज को दिनभर में कई बार नींद आती है, जिससे उसे ज्यादा उबासी आती रहती है। इंसोमनिया यानी अनिद्रा में रात में नींद ठीक से नहीं आती है। अगर एक बार नींद खुल जाए तो दोबारा सोना काफी मुश्किल हो जाता है।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. धीरज फूलमती सिंह कहते हैं, कई बार थके होने के कारण बार-बार उबासी आती है। यह सामान्य बात है, लेकिन अगर यह समस्या काफी दिनों से बनी हुई है तो इसे नजरअंदाज न करें और फौरन डॉक्टर से सलाह लें। स्लीप एपनिया या अनिद्रा जैसी समस्याओं में समय रहते इलाज की जरूरत होती है इसलिए अगर आप कई दिनों से बार-बार उबासी लेनें की समस्या से परेशान हैं तो इस बारे में डॉक्टर से सलाह जरूर ले लें।
-------------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।