क्या आपके भी दिन की शुरुआत चाय के साथ होती है? बिना एक कप चाय पिए सबकुछ अधूरा सा लगता है?
जानना जरूरी: हाई ब्लड प्रेशर है तो चाय पीने से पहले जान लें ये जरूरी बातें, क्या इससे भी बढ़ सकती है दिक्कत?
Tea & High Blood Pressure: चाय में मौजूद कैफीन ब्लड प्रेशर अस्थायी रूप से बढ़ा सकती है। हालांकि, ब्लैक टी और ग्रीन टी में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स आपके लिए फायदेमंद भी हो सकते हैं। हाई बीपी के मरीजों को चाय पूरी तरह छोड़ने की जरूरत नहीं, लेकिन कैफीन की मात्रा का ध्यान रखना चाहिए।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक, हर तरह की चाय का शरीर पर एक जैसा असर नहीं होता। चाय की किस्म, उसमें मौजूद कैफीन की मात्रा और आप कितनी चाय पीते हैं, ये सभी आपकी सेहत को प्रभावित करने वाली हो सकती हैं।
क्या चाय पीने से बढ़ सकता है ब्लड प्रेशर?
चाय में मौजूद कैफीन एक उत्तेजक तत्व है, जो कुछ समय के लिए ब्लड प्रेशर बढ़ा सकता है। अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के अनुसार, कैफीन के सेवन से कुछ लोगों में ब्लड प्रेशर 5-10 mmHg तक बढ़ सकता है।
दूसरी तरफ, कुछ अध्ययनों में पाया गया है कि नियमित रूप से 12 सप्ताह तक ब्लैक टी पीने से सिस्टोलिक ब्लड प्रेशर में करीब 2-3 mmHg की कमी हो सकती है। ब्लैक टी में मौजूद फ्लेवोनॉयड्स और एंटीऑक्सीडेंट्स सेहत को लाभ देते हैं और बीपी की समस्या को कम करने में भी मदद कर सकते हैं।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, चाय और कॉफी में कैफीन और टैनिन जैसे तत्व पाए जाते हैं। हाई ब्लड प्रेशर वाले लोगों को इनके सेवन में सावधानी बरतनी चाहिए। खासतौर पर खाली पेट चाय या कॉफी पीने से बचना चाहिए।
- जिन लोगों को नियमित चाय पीने की आदत है और इससे कोई परेशानी नहीं होती, उन्हें इसे पूरी तरह छोड़ने की जरूरत नहीं है।
- लेकिन जिनका ब्लड प्रेशर लगातार बढ़ा रहता है, उन्हें कैफीन का सेवन कम करना जरूरी है।।
दूध-चीनी वाली चाय के मुकाबले ग्रीन टी और ब्लैक-टी को ज्यादा फायदेमंद माना जा सकता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट्स और कैटेचिन जैसे तत्व होते हैं। कुछ अध्ययनों में इसके नियमित सेवन से ब्लड प्रेशर में मामूली सुधार देखा गया है। हालांकि, ग्रीन टी में भी कैफीन होती है, इसलिए इसके भी अधिक सेवन से बचना चाहिए।
चाय पीते समय इन बातों का रखें ध्यान
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, चाय पीने से दिक्कत नहीं है बस इसकी मात्रा और चीनी पर ध्यान देना जरूरी है।
- दिनभर में चाय और कॉफी से मिलने वाली कुल कैफीन की मात्रा पर ध्यान दें।
- खाली पेट चाय पीने से बचें। बहुत ज्यादा मीठी चाय पीने की आदत कम करें।
- चाय पीने के बाद ब्लड प्रेशर में बदलाव होता है या नहीं, इस पर नजर रखें।
- हाई बीपी की दवाएं नियमित लें। अगर चाय पीने से ये बढ़ रहा है तो डॉक्टर की सलाह से इसका सेवन कम करें।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।