पेट के आसपास की चर्बी बढ़ना सेहत के लिए सबसे बड़ा खतरा माना जाता है। ये समस्या सिर्फ बुजुर्गों तक सीमित नहीं रह गई है, कम उम्र के लोगों यहां तक कि बच्चों को भी इसका शिकार पाया जा रहा है।
वेट लॉस: घंटों ट्रेडमिल पर दौड़ने के बाद भी नहीं घट रही चर्बी? तुरंत इन गलतियों पर लगाएं लगाम
नियमित रूप से जिम जाने के बावजूद पेट की चर्बी कम नहीं हो रही तो इसकी वजह कैलोरी सरप्लस हो सकती है। यानी शरीर जितनी कैलोरी बर्न करता है, उससे ज्यादा आप कैलोरी वाली चीजें खा रहे होते हैं। जानिए वेट लॉस के लिए क्या उपाय करें?
मोटापा और पेट की चर्बी
जिम जाने और शारीरिक मेहनत के बाद भी अगर आपके पेट की चर्बी कम नहीं हो रही है तो इसका एक बड़ा कारण डाइट की गड़बड़ी भी हो सकती है।
- स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, वेट लॉस का फॉर्मूला है कि आप जितनी कैलोरी इंटेक कर रहे हैं, उससे ज्यादा बर्न करें। अगर आप कम कैलोरी बर्न कर पा रहे हैं और उससे ज्यादा कैलोरी खाने-पीने से ले रहे हैं तो वजन कम होना मुश्किल हो सकता है।
कई बार हेल्दी समझकर खाए जाने वाले नट्स, प्रोटीन शेक, स्मूदी भी कैलोरी बढ़ा देती है। इसलिए सिर्फ वर्कआउट करना काफी नहीं है, इसके साथ-साथ आपको खाने पर भी गंभीरता से ध्यान देते रहना चाहिए।
हेल्दी फूड के नाम पर बढ़ रही हैं कैलोरी
- जिम जाने वाले कई लोग वर्कआउट के बाद प्रोटीन शेक, पीनट बटर, ड्राई फ्रूट्स और एनर्जी बार लेते हैं। ये चीजें अपने आप में खराब नहीं हैं, लेकिन इनकी मात्रा पर ध्यान देना जरूरी है। नट्स को पौष्टिक माना जाता है, लेकिन उनमें कैलोरी भी काफी अधिक होती है। जरूरत से ज्यादा खाने पर इससे कैलोरी सरप्लस की दिक्कत हो सकती है। वेट लॉस के लिए खान-पान को लेकर सावधान रहना बहुत जरूरी है। नियमित व्यायाम के साथ खाने की प्लेट पर भी गंभीरता से ध्यान देते रहें।
एक्सरसाइज पर भी दें ध्यान
- पेट की एक्सरसाइज से पेट की मांसपेशियां मजबूत हो सकती हैं, लेकिन सिर्फ क्रंचेज या प्लैंक करने से आपको पूरा लाभ नहीं मिलेगा। शरीर में फैट कम होने की प्रक्रिया पूरे शरीर में होती है। इसके लिए संतुलित डाइट, नियमित गतिविधि और स्ट्रेंथ ट्रेनिंग का संतुलन बनाना जरूरी है।
इन बातों पर दें ध्यान
वेट लॉस करना है तो डाइट और लाइफस्टाइल के बीच संतुलन बहुत जरूरी है।
- अपनी रोजाना की डाइट और खाने की मात्रा पर नजर रखें।
- प्रोटीन, फाइबर और सब्जियों को भोजन में शामिल करें।
- मीठे पेय और जरूरत से ज्यादा कैलोरी वाले स्नैक्स कम करें।
- कार्डियो के साथ स्ट्रेंथ ट्रेनिंग भी करें। जिम के अलावा दिनभर चलने-फिरने की आदत बढ़ाएं।
- वजन के साथ कमर की चौड़ाई भी चेक करते रहें।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।