बॉलीवुड के मशहूर निर्माता-निर्देशक और अभिनेता निशिकांत कामत का सोमवार को निधन हो गया। वे यकृत संबंधी खतरनाक बीमारी 'लिवर सिरोसिस' से पीड़ित थे। उन्होंने दृश्यम, मुंबई मेरी जान और मदारी जैसी शानदार फिल्मों का निर्देशन किया है। हैदराबाद के गाचीबाउली स्थित एआईजी अस्पताल की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि निशिकांत कामत का सोमवार को 16:24 घंटे पर निधन हो गया। वह पिछले दो साल से लिवर सिरोसिस से पीड़ित थे। कुछ दिन पहले 12 अगस्त को बताया गया था कि कामत को पीलिया और पेट संबंधी शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्हें यकृत संबंधी इस गंभीर बीमारी के होने की पुष्टि हुई। आइए जानते हैं, आखिर कितनी खतरनाक है यह बीमारी, इसके लक्षण व कारण क्या हैं और इससे कैसे बचा जा सकता है....
Nishikant Kamat Death: कितनी खतरनाक बीमारी है 'लिवर सिरोसिस' जिससे हुई निशिकांत कामत की मौत, जानें इसके बारे में
लिवर सिरोसिस एक खतरनाक बीमारी है। कहा जाता है कि यह लिवर कैंसर के बाद दूसरी सबसे गंभीर बीमारी है। इस बीमारी में लिवर खराब होता चला जाता है और सामान्य रूप से काम करना बंद कर देता है। इस बीमारी में लिवर की कोशिकाएं बड़े पैमाने पर नष्ट हो जाती हैं और उनकी जगह पर फाइबर तंतु बनने लगते हैं। इसमें लिवर की बनावट भी असामान्य हो जाती है, जिससे उच्च रक्तचाप की स्थिति बन जाती है। गंभीर स्थिति में इसका एकमात्र इलाज होता है- लिवर प्रत्यारोपण।
लिवर सिरोसिस के लक्षण
इस बीमारी के शुरुआती स्टेज में कोई खास लक्षण नहीं दिखाई देते, लेकिन बीमारी के बढ़ने के साथ ही इसके लक्षण महसूस होने लगते हैं, जैसे-
- थकान महसूस होना
- भूख कम लगना
- बुखार होना
- वजन में कमी होना या
- अचानक वजन का बढ़ जाना
इसके अन्य लक्षण होते हैं:
- त्वचा व आंखों का रंग पीला होना
- त्वचा में खुजलाहट
- शरीर पर लाल-लाल चकते आना
- सूजन होना (पैर और पेट में भी)
- मूत्र का रंग भूरा या संतरा होना
- मल में रक्त आना
लिवर सिरोसिस के कारण
- लिवर में वसा का जमा होना
- हेपेटाइटिस बी और सी का संक्रमण
- अत्यधिक मात्रा में शराब का सेवन