इन दिनों आप भी रोज आम खा रहे होंगे। फलों का राजा आम, न सिर्फ अपने लाजवाब स्वाद के लिए लोगों का सबसे पसंदीदा फल है साथ ही इसमें कई ऐसे गुण मौजूद होते हैं, जो हमारे स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद हो सकते हैं। इस लेख में हम आपको आम के ऐसे ही बेहद खास फायदों के बारे में बताने जा रहे हैं जिनसे आप निश्चित ही अनजान होंगे।
स्वाद भी-सेहत भी: कोरोना काल में बेहद फायदेमंद है आम का सेवन, जानिए ऐसे ही पांच फायदे जिनसे आप होंगे अनजान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रतिरक्षा प्रणाली को बढ़ाने में मददगार
कोरोना की इन विपरीत परिस्थितियों में हम सभी अपनी इम्यूनिटी को बढ़ाने वाले उपाय ढूंढ रहे हैं, ऐसे में आम सबसे बेहतर विकल्प हो सकता है। आम प्रतिरक्षा-बढ़ाने वाले पोषक तत्वों का एक अच्छा स्रोत हो सकता है। आम (165 ग्राम) से विटामिन ए की दैनिक जरूरतों की 10 फीसदी पूर्ति की जा सकती है। प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत रखने में विटामिन-ए बेहद आवश्यक माना जाता है, यह शरीर को संक्रमण से लड़ने में मदद करता है।
इसके अलावा, आम की समान मात्रा से विटामिन-सी की लगभग तीन-चौथाई दैनिक आवश्यकताओं को पूरा किया जा सकता है। विटामिन सी, शरीर में सफेद रक्त कोशिकाओं को बढ़ाने में मदद करती है, जो संक्रमण के समय शरीर को सुरक्षित रखने में बेहद सहायक होती हैं।
हृदय को स्वस्थ रखने में सहायक है आम
आम में कई ऐसे पोषक तत्व होते हैं जो हृदय को स्वस्थ रखने में सहायक हो सकते हैं। आम को मैग्नीशियम और पोटेशियम से समृद्ध माना जाता है जो पल्स रेट और रक्त वाहिकाओं को स्वस्थ रखने के साथ रक्तचाप के स्तर को नियंत्रित रखने में सहायक हैं। इसके अलावा आम में मैंगिफेरिन नामक एंटीऑक्सीडेंट पाया जाता है, जो हृदय कोशिकाओं को सूजन, ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस और एपोप्टोसिस (सेल डेथ) से बचा सकता है। आम का सेवन ब्लड कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड्स के स्तर को कम कर सकता है। यही कारण है कि आम को हृदय रोगियों के लिए बेहद फायदेमंद फल माना जाता है।
पाचन को ठीक करता है आम
आम में ऐसे कई गुण होते हैं जो पाचन को ठीक रखने में सहायक माने जाते हैं। आम में एमाइलेज नामक पाचक एंजाइमों का एक समूह होता है, यह खाद्य अणुओं को आसानी से तोड़कर पाचन में मदद करता है। इसके अलावा चूंकि आम में भरपूर मात्रा में पानी और डाइट्री फाइबर होता है, ऐसे में इसे कब्ज और दस्त जैसी पाचन समस्याओं को ठीक करने में भी काफी उपयोगी फलों में से एक माना जाता है।
पुरानी कब्ज वाले वयस्कों पर चार सप्ताह के एक अध्ययन में पाया गया कि घुलनशील फाइबर की समान मात्रा वाले पूरक की तुलना में रोजाना आम खाने से लक्षणों में तेजी से सुधार हो सकता है।
आंखों के लिए बेहद फायदेमंद
आम में मौजूद पोषक तत्व आंखों को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। आम में पाए जाने वाले दो प्रमुख पोषक तत्व एंटीऑक्सिडेंट ल्यूटिन और ज़ेक्सैन्थिन को कई अध्ययनों में आंखों के लिए काफी फायदेमंद पाया गया है। इसके अलावा आम विटामिन-ए का एक अच्छा स्रोत है, जो आंखों को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विटामिन ए की कमी के कारण आंखों में सूखापन और रतौंधी की समस्या का खतरा बढ़ जाता है। विटामिन ए की गंभीर कमी, कॉर्नियल स्कारिंग जैसी आंखों की बीमारियां पैदा कर सकती है।