कोविड के बाद सामान्य हो रहे हालात को देखते हुए जम्मू-कश्मीर में देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करने की कवायद तेज की गई है। पर्यटन विभाग इसी माह से देश के विभिन्न हिस्सों में दस रोड शो करने जा रहा है। जम्मू-कश्मीर के पुराने और नए पर्यटन स्थलों को लेकर पर्यटकों और ट्रैवल टूर ऑपरेटरों को प्रोत्साहित व जागरूक किया जाएगा। कोरोना के बाद श्री माता वैष्णो देवी के दरबार में भी श्रद्धालुओं की हाजिरी बढ़ने लगी है।
जम्मू-कश्मीर में पर्यटकों को आकर्षित करनी की तैयारी, देश के दस बड़े शहरों में होंगे रोड शो
प्रदेश में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए पर्यटन विभाग जम्मू की ओर से फरवरी और मार्च में कोलकाता, सूरत, जयपुर, भोपाल, पुरी, भुवनेश्वर, बनारस, बंगलुरू, पुणे, लखनऊ और अमृतसर में रोड शो करने की योजना बनाई गई है। इस दौरान जम्मू संभाग के सनासर, बनी, पद्री, किश्तवाड़, पटनीटॉप, नत्थाटॉप आदि पर्यटन स्थलों के बारे में पर्यटकों का रुझान बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे।
पर्यटन निदेशालयों को दिए गए निर्देश : आयुक्त सचिव
पर्यटन विभाग के आयुक्त सचिव सरमाद हफीज ने बताया कि जम्मू और कश्मीर पर्यटन निदेशालयों को रोड शो सहित अन्य गतिविधियों के लिए योजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी माह से रोड शो शुरू किए जाएंगे। कोशिश रहेगी कि देशभर में जहां ट्रैवल मार्ट हो रहे हैं, वहां रोड शो भी आयोजित किए जाएं, ताकि विभिन्न राज्यों के पर्यटकों को आमंत्रित किया जा सके।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में नए औद्योगिक एस्टेट बनाने की तैयारी, मिलेगा औद्योग को बढ़ावा