आज का युवा जिंदगी का हर फैसला खुद ले रहा है, चाहे वह कॅरियर से संबंधित हो या शादी से। दोनों ही फैसले जीवन में अहम भी हैं। ऐसे में यदि आप अपने वैलेंटाइन से शादी करना चाहते हैं तो ये टिप्स जरूर जान लें। ये टिप्स लव मैरिज को खुशियों से भर देंगे।
पार्टनर से मिलनी चाहिए आपकी सोच
लव मैरिज करने वाले कपल के लिए सबसे पहले तो उनकी सोच का मिलना जरूरी है। यदि गर्लफ्रेंड के विचार आपसे नहीं मिल रहे हैं तो ये आगे जाकर जीवन में कई तरह की परेशानियां खड़ी कर सकते हैं। ऐसा ही ब्वॉय फ्रेंड के लिए भी जरूरी है। ऐसे में शादी से पहले एक-दूसरे की सोच को अच्छी तरह जान लें और समझ लें।
रिश्ता बनाने के लिए कभी झूठ का सहारा नहीं लें
आज के दौर में लव मैरिज करने के बाद कई तरह के विवाद भी सामने आ रहे हैं। कई बार ये विवाद शादी के बंधन को तोड़ने तक पहुंच जाते हैं। ऐसे विवादों से बचने के लिए जरूरी है कि दोनों युवक और युवती एक-दूसरे को ज्यादा हाई-फाई दिखाने की कोशिश ना करें। जैसा जीवन वे जी रहे हैं वैसे ही दिखें। खुद का साबित करने के लिए रिश्ते में झूठ का सहारा नहीं लें।
पेरेंट्स को अपने विश्वास में रखें
लव मैरिज करने से पहले कोशिश करें कि अपने पेरेंट्स को रिश्ते के बारे में बता दें। यदि वे राजी नहीं होते हैं तो दोनों सामूहिक रूप से उन्हें ये विश्वास दिलाएं कि शादी के लिए वे पूरी तरह से तैयार हैं। वैवाहिक जीवन में सभी परेशानियों का दोनों मिलकर सामना करेंगे।
घरवालों की जगह पहले जैसी ही बनाए रखें
लव मैरिज करने वाले बेटे-बेटी के लिए घरवालों में भय का माहौल बन जाता है। इन हालात को कभी भी नहीं पनपने दें। अपने घरवालों की अहमियत शादी से पहले और बाद में समान रूप से रखें, ताकि परिवार में खुशियां पहले जैसी ही बनी रहे।