लोकसभा चुनाव 2019 के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, राजनाथ सिंह और सुषमा स्वराज ने आज भाजपा का घोषणापत्र जारी किया। इसमें महिला विकास पर बल देते हुए मोदी सरकार द्वारा महिलाओं के लिए चलाई जा रही कई योजनाओं का जिक्र किया गया है। साथ ही महिलाओं के समग्र विकास, महिला अपराध रोकने की दिशा में कदम व संसद में 33 फीसद आरक्षण सहित कई वादे किए गए हैं। भाजपा ने क्या क्या वादे किए हैं पढ़ें।
तीन-तलाक और निकाह हलाला पर रोक के लिए कानून का वादा
भाजपा ने कहा है कि महिलाओं को समान अधिकार और लैंगिक समानता सुनिश्चित करने के लिए तीन तलाक और निकाह-हलाला पर रोक के लिए कानून बनाया जाएगा, और इन मुद्दों पर पर्सनल लॉ का आधुनिकीकरण करके अल्पसंख्यक महिलाओं का सशक्तिकरण के साथ समावेशी विकास किया जाएगा
महिलाओं के लिए शिक्षा में वित्तीय सहायता
घोषणापत्र में भाजपा ने वादा किया है कि बेटी-बचाओ बेटी-पढ़ाओ कार्यक्रम की सफलता को आगे बढ़ाते हुए सभी बेटियों को शिक्षा के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने के लिए वित्तीय सहायता और उच्च शिक्षा ऋण में रियायत दी जाएगी।
महिला अपराध कम करने और लैंगिक समानता को बढ़ावा
संकल्प पत्र में कहा गया है कि महिला के प्रति बढ़ रहे अपराधों को रोंकने के लिए विशेषकर दुष्कर्म जैसे मामलों की शीघ्र सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट की स्थापना की जाएगी।
समाज में महिलाओं के प्रति सकारात्मक मानसिक परिवर्तन के लिए सभी स्कूलों, शैक्षणिक संस्थानों, कार्यस्थलों में स्त्री-पुरुष समानता को पाठ्यक्रम व प्रशिक्षण का अनिवार्य हिस्सा बनाया जाएगा।
महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर
संकल्प पत्र में भाजपा ने कहा है कि अगले पांच सालों में महिला कार्यबल की भागीदारी में वृद्धि पर ध्यान केंद्रित करते हुए विस्तृत महिला कार्यबल रोडमैप तैयार किया जाएगा। महिला रोजगार के अवसरों को ध्यान में रखते हुए निर्माण क्षेत्र में होने वाली सरकारी खरीद का 10 फीसदी हिस्सा उन सूक्ष्म,लघु और मध्यम उधोगों से होगी जहां कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी कम से कम 50 फीसदी हो।