गोरखपुर बीआरडी मेडिकल कॉलेज में सोमवार को 14 कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई। इसमें नौ मरीज गोरखपुर के शामिल हैं। सभी मौतें पोर्टल पर अपलोड न होने से स्वास्थ्य विभाग ने सिर्फ तीन मौतों की सूचना जारी की है। 1258 नए कोरोना के मरीज मिले हैं। इसमें 608 शहर के हैं।
गोरखपुर में कोरोना का कहर: 24 घंटे में 14 संक्रमितों की मौत, 1258 नए मिले मरीज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय ने बताया कि जिले में संक्रमितों की संख्या 44220 हो गई है। 34641 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। 469 की मौत हो चुकी है। 9110 सक्रिय मरीज हैं। जानकारी के मुताबिक गोरखपुर के सोनबरसा निवासी 50 व गुलरिहा निवासी 45 वर्षीय महिला बाबा बीआरडी मेडिकल कॉलेज के कोरोना वार्ड में भर्ती थीं। सोमवार को उनकी मौत हो गई। इसी वार्ड में भर्ती भरवलिया निवासी एक महिला ने भी अंतिम सांस ली।
लक्ष्मीपुर, भिटहा, मिश्रौली, मझगांवा, बांसगांव व पिपराइच के एक-एक व्यक्ति का भी निधन हो गया। इसी वार्ड में भर्ती देवरिया की एक महिला व एक पुरुष, संत कबीर नगर के 55 वर्षीय व्यक्ति व 31 वर्षीय महिला, सलेमपुर की 34 वर्षीय महिला का भी निधन हो गया।
दिवंगत राष्ट्रीय पहलवान की पत्नी का कोरोना से निधन
दिवंगत राष्ट्रीय पहलवान तालुकदार यादव की पत्नी रीना यादव का रविवार को मोहद्दीपुर स्थित अस्पताल में निधन हो गया है। उन्हें कोविड 19 संक्रमण की शिकायत होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां रविवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। वे अपने पीछे बेटी काजल यादव (16) और बेटा कार्तिक यादव (18) को छोड़ कर चली गईं । उनका अंतिम संस्कार राजघाट पर संपन्न हुआ। उनके निधन पर पहलवान तहसीलदार यादव, छोटे भाई राष्ट्रीय पहलवान हवलदार यादव, संजय यादव, नंदू ,सूरज, प्रिंस, अभिलाष, अभिषेक, मुरारी ने श्रद्धांजलि अर्पित की है।
ब्लॉसम सीनियर सेकेंड्री स्कूल के निदेशक और समाजसेवी राधेश्याम सिंह का निधन एक अप्रैल की रात्रि को कोरोना महामारी के चलते हो गया है। वो पिछले 12 दिनों से संक्रमण के चलते अस्पताल में भर्ती थे। दिवंगत राधेश्याम जी की शिक्षा गोरखपुर में हुई। मदन मोहन मालवीय इंजीनियरिंग कॉलेज से वे गोल्ड मेडलिस्ट थे। पिछले कुछ वर्ष से एमएमएमयूटी की एल्युमिनाई एसोसिएशन के अध्यक्ष होने के साथ मैकेनिकल डिपार्टमेंट के मुख्य सलाहकार थे। इंजीनियरिंग की शिक्षा ग्रहण के लिए खाद उर्वरक कारखाना में उपमुख्य इंजीनियर प्रबंधक पद से सेवानिवृत्त हुए। वर्ष 2004 में ब्लॉसम एकेडमी स्कूल की स्थापना की। उन्हें मुखाग्नि पुत्र दुर्गेश प्रताप सिंह ने दी। उनके निधन पर भतीजे शशिकांत सिंह, लक्ष्मीकांत सिंह समेत परिवार को विद्यालय से जुड़े स्कूल स्टॉफ आदि लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की है।