दिल्ली, केरल समेत प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद जैसे जिलों में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इसके बाद भी जिले में इसकी रोकथाम की तैयारियां कागजों में ही की जा रही हैं। अभी भी इसका दायरा बढ़ाया नहीं गया। आरटीपीसीआर जांच के लिए विभाग नमूने नहीं ले रहा है। यही कारण है कि जांच की संख्या सिमट कर औसतन 395 के आसपास रह गई है।
कैसे होगा कोरोना पर वार: निर्देश रोजाना 3500 नमूनों की जांच का और हो रही महज 350
बीआरडी मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. अमरेश सिंह का कहना है कि संक्रमण का पता लगाने के लिए जांच का दायरा बढ़ाना पड़ेगा। अगर समय रहते जांच नहीं की गई तो स्थितियां पहली और दूसरी लहर की तरह हो सकती हैं। बता दें कि शासन ने भी प्रतिदिन 3,500 आरटीपीसीआर जांच के लिए निर्देश दे रखा है लेकिन, विभाग इतने नमूने इकट्ठा नहीं कर पा रहा है। जबकि, अप्रैल में कोरोना के छह नए संक्रमित मिल चुके हैं और मौजूदा समय में सक्रिय मरीजों की संख्या चार है। रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन पर भी जांच नहीं हो रही है।
औसतन हो रही 395 नमूनों की जांच
शासन के निर्देश के बाद भी आरटीपीसीआर जांच का दायरा स्वास्थ्य विभाग बढ़ा नहीं पा रहा है। पिछले 10 दिनों की बात करें तो महज 395 नमूनों की जांच औसतन हो पा रही है। बीआरडी मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में औसतन इतने ही सैंपल भेजे जा रहे हैं।
एंटीजन जांच का भी दायरा घटा
गोरखपुर जिले में रोजाना ढाई हजार एंटीजन जांच करने का लक्ष्य शासन ने दिया है। इसके एवज में करीब 400 ही जांच हो पा रही है। यह करीब 16 फीसदी है। वह भी यह जांच जिला अस्पताल के बगल स्थित कोरोना जांच सेंटर पर हो रही है। इतना ही नहीं पिछले चार दिनों के अंदर मिले दो मरीजों के संपर्क में आने वालों के भी नमूने स्वास्थ्य विभाग ने नहीं लिया है।
सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार दुबे ने कहा कि ओपीडी में आने वाले सर्दी, खांसी-जुकाम और सांस के मरीजों की कोरोना जांच के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए जिला अस्पताल समेत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर हेल्प डेस्क को सक्रिय किया जा रहा है। रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन पर जांच का दायरा बढ़ाया जाएगा। इसके लिए सभी केंद्र प्रभारियों को पत्र भेजा गया है।
तिथि आरटीपीसीआर जांच के सैंपल
15 अप्रैल 173
16 अप्रैल 157
17 अप्रैल 333
18 अप्रैल 586
19 अप्रैल 498
20 अप्रैल 512
21 अप्रैल 408
22 अप्रैल 467
23 अप्रैल 183
24 अप्रैल 200
25 अप्रैल 441