उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के तरयासुजान थानाक्षेत्र के रामपुर बंगरा गांव में सोमवार की सुबह एक शिक्षक की उसके घर में ही एक युवक ने गोली मारकर हत्या कर दी। फायरिंग की आवाज सुनकर गांव के लोगों ने आरोपी को घर में ही घेर लिया। आरोपी युवक ने छत पर चढ़कर दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की। करीब डेढ़ घंटे बाद पुलिस के आने पर युवक आत्मसमर्पण की मुद्रा में आ गया। परंतु छत से उतरकर नीचे आते ही आक्रोशित भीड़ ने पकड़ लिया और उसे पीट-पीटकर मार डाला। इस दौरान वहां मौजूद कुछ पुलिसकर्मी भी असहाय नजर आए।
तस्वीरें: शिक्षक को गोली मारकर भाग रहा था हत्यारा, भीड़ ने पकड़कर पीट-पीटकर मार डाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एसपी समेत अन्य पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे और किसी तरह से माहौल शांत कराकर दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए। इस मामले में तरयासुजान पुलिस ने मृत आरोपी युवक के खिलाफ हत्या तथा अज्ञात भीड़ के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। घटना की वजह अब तक सामने नहीं आई है। तमकुहीराज, तरयासुजान व सलेमगढ़ प्रतिनिधियों के अनुसार रामपुर बंगरा निवासी राजेश सिंह गांव में ही शिक्षामित्र हैं और इनके छोटे भाई सुधीर सिंह बिहार में अध्यापक थे। दोनों भाइयों का परिवार गोरखपुर के नंदा नगर मोहल्ले में बने अपने मकान में रहता है। दोनों भाई अक्सर गोरखपुर आते-जाते रहते हैं।
ये है पूरा मामला
सोमवार की सुबह करीब सात बजे एक स्कूटी सवार युवक शिक्षा मित्र राजेश सिंह को खोजते हुए दरवाजे पर पहुंचा। युवक ने खुद को राजेश का मित्र बताया और उनसे मिलने आने की बात कही। घर में मौजूद राजेश की मां ने उसे शिष्टाचार वश घर में बैठाकर चाय दी। युवक ने भोजन करने की इच्छा जताई तो राजेश की मां उसे बैठाकर भोजन बनाने के कार्य में जुट गईं। इस दौरान घर के पिछले हिस्से में स्नान कर रहे राजेश के छोटे भाई सुधीर सिंह जो सीमावर्ती बिहार प्रांत के पकड़ी में शिक्षक हैं, वे युवक के पास पहुंचे। कहा जा रहा है कि आरोपी युवक ने सुधीर को देखते ही गोली मार दी। सीने पर गोली लगने की वजह से सुधीर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
गोली चलने की आवाज सुनकर राजेश की मां घर से बाहर निकलीं और मुख्य गेट बंदकर शोर मचाने लगीं। चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए। बाहर से गेट बंद होने के कारण भीड़ देखकर आरोपी राजेश के मकान की छत पर चढ़कर लोगों को धमकाने लगा। दहशत फैलाने के लिए उसने असलहा लहराकर दो फायर भी दागे। घटना की सूचना पर चंद पुलिसकर्मियों साथ मौके पर पहुंचे एसओ तरयासुजान हरेंद्र मिश्र ने भी बगल की छत पर चढ़कर फायर किया और आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। आरोपी इसके बाद आत्मसमर्पण की बात कहते हुए नीचे उतर गया। परंतु जब तक पुलिस पहुंचकर उसे कब्जे में ले पाती, आक्रोशित भीड़ ने पकड़ लिया। भीड़ ने लाठी-डंडे से पीटकर आरोपी युवक को मार डाला।
घटना की जानकारी होने पर एसपी विनोद कुमार मिश्रा, एसडीएम तमकुहीराज एआर फारूकी, सीओ फूलचंद कन्नौजिया के साथ ही पटहेरवा, विशुनपुरा व सेवरही पुलिस तथा एक प्लाटून पीएसी बल मौके पर पहुंचा और भीड़ को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृत आरोपी युवक की पहचान गोरखपुर शहर के नंदा नगर दरगही निवासी आर्यमन यादव पुत्र उमेश यादव के रूप में हुई।
एसओ तरयासुजान हरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि इस मामले में मृत शिक्षक सुधीर की मां की तहरीर पर गोली मारने के आरोपी युवक आर्यमन यादव के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा एसओ की तहरीर पर अज्ञात भीड़ के खिलाफ आरोपी आर्यमन यादव की गैर इरादतन हत्या का केस भी दर्ज किया गया है।