कोरोना महामारी से जंग लड़ रहे फ्रंटलाइन स्वास्थ्यकर्मियों की सूची स्वास्थ्य विभाग ने तैयार कर ली है। इसके तहत पहले चरण में जिले के 32 हजार स्वास्थ्यकर्मियों को कोरोना की वैक्सीन लगाई जाएगी। इसमें सरकारी और निजी अस्पताल में तैनात कर्मचारियों को भी शामिल किया गया है। शनिवार को विभाग यह सूची शासन को भेजेगा।
गोरखपुर में सबसे पहले इन्हें लगेगी कोरोना वैक्सीन, तैयार हो चुकी है सूची
देश में कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन तैयार की जा रही है। सरकार जल्द ही वैक्सीन लांच भी करेगी। इसके अलावा विदेशों में हो रहे वैक्सीन का ट्रायल भी सफल रहा तो सरकार उसे भी देश मंगा सकती है। सरकार ने साफ किया है कि पहले चरण में कोरोना वारियर्स को ही वैक्सीन लगाई जाएगी।
इसमें सरकारी व निजी संस्थानों के स्वास्थ्य कर्मी शामिल रहेंगे। बताया जाता है कि जिले के सरकारी संस्थानों में 15 हजार स्वास्थ्यकर्मी हैं। इनमें बीआरडी मेडिकल कॉलेज, एम्स, जिला अस्पताल, महिला अस्पताल, टीबी अस्पताल, 23 अर्बन पीएचसी, 24 सीएचसी, 54 पीएचसी पर तैनात डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ, सफाईकर्मी व संविदा कर्मी के साथ ही आशा कार्यकर्ता, एएनएम व आंगनबाड़ी वर्कर शामिल हैं।
645 निजी अस्पतालों ने कर्मियों की सूची भेजी
सरकारी अस्पतालों के अलावा जिले में पंजीकृत 645 निजी अस्पतालों के भी डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ व सहायक कर्मचारियों की भी सूची तैयार हो गई है। इन संस्थानों के संचालकों ने यह सूची स्वास्थ्य विभाग को भेज दी है। इनमें कई हजार कर्मी शामिल हैं।
वैक्सीन को रखने के लिए सीएमओ कार्यालय में स्पेशल स्टोर बनाया जा रहा है। स्टोर 500 स्क्वायर फीट क्षेत्रफल में तैयार किया जा रहा है। स्टोर में कूलिंग चेंबर भी है। करीब 50 प्रतिशत काम पूरा भी हो चुका है।
एडिशनल सीएमओ डॉ. एनके पाण्डेय ने कहा कि कोरोना की वैक्सीन लगाए जाने के लिए अलग-अलग संस्थानों से सूची मिली है। इसे कंपाइल किया जा रहा है। यह प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इसके बाद सूची शासन को भेजी जाएगी। अब तक करीब 32 हजार लोगों की सूची तैयार हो गई है।