Lace Up Jeans Fashion Trend: अगर आप जींस के एक जैसे स्टाइल पहन-पहनकर ऊब चुकी हैं, तो अब लेस-अप जींस ट्राई कर सकती हैं। वाई2के फैशन दौर की यह जींस इस समय ट्रेंड में है। इस ट्रेंड की सबसे खास बात है कि इसे बाजार से खरीदने के बजाय खुद घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है, जिसके लिए बस आपको चाहिए- एक आरामदायक जींस, कॉटन की सफेद लेस, एक कैंची और सिलाई मशीन।
लेस-अप जींस ट्रेंड: पुरानी जींस को लेस से दें नया स्टाइलिश लुक, घर पर ऐसे करें तैयार
Jeans Fashion Trend: वाई2 के फैशन से इंस्पायर्ड लेस-अप जींस इन दिनों ट्रेंड में है। साइड लेस से लेकर पैचवर्क और रिप्ड डेनिम तक, जानिए घर पर पुरानी जींस को स्टाइलिश और यूनिक बनाने के आसान तरीके।
फ्लेयर कट जींस में दिखेगा बोल्ड अंदाज
फ्लेयर कट जींस में रेट्रो और वाई2के फैशन का खूबसूरत मेल देखने को मिलता है। अगर आप अपने डेनिम लुक में थोड़ा फेमिनिन और क्रिएटिव ट्विस्ट चाहती हैं, तो इसमें लेस का इस्तेमाल करें।
घुटने से नीचे फ्लेयर वाले हिस्से के किनारों पर लेस लगाने से जींस को सॉफ्ट और नाजुक अंदाज मिलता है। वहीं, बड़े कट्स के साथ लेस का मेल इसे बोल्ड और स्टाइलिश लुक दे सकता है।
रिप्ड जींस को दें लेस का नया ट्विस्ट
रिप्ड जींस एक समय में युवाओं की पंसद रही थी, वह अब अलमारी में एक कोने में बंद है। लेस-अप जींस ट्रेंड उसे फिर से पहनने का मौका बन सकता है। इसके लिए जींस के जिस हिस्से पर रिप है, उसके अंदर की तरफ लेस लगाएं।
रिप के बीच से दिखाई देती सफेद या हल्के रंग की लेस डेनिम के साथ खूबसूरत कंट्रास्ट बनाती है। खास बात यह है कि इसके लिए ज्यादा मेहनत या बड़े बदलाव की जरूरत नहीं पड़ती।
बूट कट जींस में लेस का छोटा-सा ट्विस्ट पूरे लुक को विंटेज और स्टाइलिश बना सकता है। जींस के बॉटम के दोनों किनारों पर छोटे कट लगाकर वहां ट्रायंगल शेप में क्रोशिया लेस लगाएं। सफेद लेस नीली डेनिम के साथ खूबसूरत कंट्रास्ट बनाती है और साधारण जींस को खास अंदाज बनाती है। इसे केजुअल आउटिंग में टॉप के साथ या पार्टी के लिए स्टाइलिश टॉप और एक्सेसरीज के साथ पहन सकती हैं।
पैचवर्क लेस डिजाइन से बनाएं जींस को यूनिक
अगर आप सामान्य से हटकर कुछ अलग ट्राई करना चाहती हैं, तो पैचवर्क लेस डिजाइन आपके लिए बेस्ट रहेगी। इसके लिए आप लेस वाले कपड़े को हार्ट, स्टार, फ्लॉवर या अपनी पसंद की दूसरी आकृतियों में काटें। इन्हें जींस की जेब, घुटने या लेग के किसी हिस्से पर सिल दें।
अलग-अलग पैटर्न को मिलाकर आप अपनी जींस को पर्सनलाइज्ड लुक दे सकती हैं, जो कि सबसे आसान है। इसे आप पोलो टी-शर्ट के साथ पहनें।