फिल्म 'सुल्तान' और 'टाइगर जिंदा है' में जबरदस्त अभिनय करने बाद दबंग खान यानि कि सलमान खान अपनी आने वाली फिल्म 'भारत' से भी धमाका करने की फिराक में हैं। बता दें कि इस फिल्म को भी डायरेक्टर अली अब्बास जफर ही डायरेक्ट कर रहे हैं...
ईद के मौके पर अपने चाहने वालों के लिए सलमान एक बार फिर उनको तोहफा देने आ रहे हैं। लेकिन जो सबसे बड़ी बात है वो ये है कि फिल्म 'भारत' में सलमान खान पांच अलग-अलग जबरदस्त लुक में नजर आने वाले हैं। बता दें कि इस बात का खुलासा फिल्म के डायरेक्टर ने मुंबई मिरर को दिए इंटरव्यू में किया।
अली ने आगे बताया कि 'ये एक बहुत ही खूबसूरत फिल्म होगी जो कि सलमान खान पर पूरी तरह से फिट बैठती है। हालांकि हम फिल्म की शूटिंग जून से शुरू करने वाले हैं लेकिन इसकी तैयारी हम 6 फरवरी से ही शुरू कर देंगे।' फिल्म को सलमान के जीजा अतुल अग्निहोत्री प्रोड्यूस कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि फिल्म 'भारत' आधिकारिक तौर पर 2014 में आई कोरियन ड्रामा फिल्म 'एन ऑड टू माय फादर' का रीमेक है। लेकिन ये भी बताया जा रहा है कि फिल्म 'भारत' का हिंदी वर्जन इसके बिल्कुल उलट होगा जो कि भारत-पाकिस्तान के पार्टीशन के दौर पर फिल्माया जाएगा।
जब अली से इस फिल्म के आइडिया के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि सलमान ने ही उन्हें 'एन ऑड टू माय फादर' को देखने को कहा और इस पर स्क्रिप्ट तैयार करने को कहा। इसके बाद अली ने ये फिल्म देखी और उन्हें ये फिल्म बेहद पसंद आई। बता दें कि फिल्म 'टाइगर जिंदा है' की शूटिंग के दौरान ही सलमान और अली में ये बातें हुई थी।