'बुद्धू बक्सा' (Television weekly) कॉलम में हम आपको टीवी की दुनिया की छोटी बड़ी हर खबर बताएंगे जिसने हफ्तेभर सुर्खियां बटोरी। हम आपको टीआरपी से लेकर सीरियल के अंदर तक, इसके साथ ही स्टार्स की निजी जिंदगी के बारे में भी चर्चा में रही खबरों का अपडेट देंगे। तो चलिए आपको बताते हैं कि इस हफ्ते कौन सी पांच खबरों ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरी।
माहिरा के फर्जी सर्टिफिकेट से सनी के 'इंडियन आइडल' जीतने तक, टीवी जगत की हफ्तेभर की पांच बड़ी खबरें
माहिरा शर्मा का दादासाहब फालके अवॉर्ड का फर्जी सर्टिफिकेट बनाने के आरोप पर जवाब
बिग बॉस 13 की कंटेस्टेंट माहिरा शर्मा ने शो से काफी लोकप्रियता हासिल की। शो से बाहर आने के बाद माहिरा एक बड़े मामले में फंस गई हैं। उन्होंने कुछ दिन पहले एक फोटो शेयर कर लिखा था कि उन्हें दादासाहब फालके अवॉर्ड मिला है। यह अवॉर्ड उन्हें बिग बॉस की सबसे फैशनेबल कंटेस्टेंट होने पर दिया गया। अब इस सर्टिफिकेट को फर्जी बताया जा रहा है। उनके दावे को दादासाहब फालके की टीम ने झूठा बताया। इसके बाद से माहिरा शर्मा लगातार खबरों में हैं। अब उनकी तरफ से इस पर प्रतिक्रिया आई है। माहिरा शर्मा ने कहा, 'दादासाहब फालके की टीम ने रविवार को एक स्टेटमेंट जारी किया था। मैं माहिरा शर्मा आपको बताना चाहती हूं कि मेरे खिलाफ लगे सभी आरोप बेबुनियाद और असत्य हैं।'
Dance Plus 5 के रूपेश बने विजेता
छोटे पर्दे के डांस रियलिटी शो डांस प्लस के सीजन पांच को विजेता मिल गया है। डांस प्लस 5 के विजेता मुंबई के रहने वाले रूपेश बने हैं। वह धर्मेश येलांडे की टीम में थे। फिनाले की रेस में जनम डांस ग्रुप, संचिता-सुब्रत और दीपिका-रूपेश थे। जनम डांस ग्रुप फिनाले में फर्स्ट रनरअप रहा। विजेता की घोषण शो के जज और कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा ने की। डांस प्लस 5 का खिताब जीतने पर रूपेश बने को चमचमाती ट्रॉफी के साथ 15 लाख रुपये का इनाम भी मिला है।
बूट पॉलिश करने वाले सनी हिंदुस्तानी ने जीता Indian Idol 11
काफी धूमधाम और उत्साह के साथ समाप्त हुए ग्रैंड फिनाले में, सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन के इंडियन आइडल को अपने 11वें सीजन का विजेता सनी हिंदुस्तानी के रूप में मिला। यह फिनाले शानदार प्रदर्शन से किसी भी तरह कम नहीं था, जहां जज नेहा कक्कड़, हिमेश रेशमिया, विशाल ददलानी और मेजबान हिमेश रेशमिया ने बॉलीवुड चार्टबस्टर्स पर मन मोह लेने वाली प्रस्तुतियों से मंच पर आग लगा दी थी। फिनाले में आयुष्मान खुराना, जितेंद्र कुमार, नीना गुप्ता, गजराज राव, अनूप सोनी, टोनी और सोनू कक्कड़ और सीजन 10 के विजेता सलमान अली जैसी हस्तियां नजर आई थीं।
'संजीवनी 3' आने की खबरें झूठी
टीवी के लोकप्रिय शो संजीवनी के दूसरे सीजन के बंद होने की खबर क्या आई, लोग अलग-अलग भविष्यवाणी करने में जुट गए। अफवाहें हैं कि संजीवनी का दूसरा सीजन किसी नए मोड़ पर आकर खत्म होगा, जहां से इसकी कहानी तीसरे सीजन के साथ फिर से वापस लौटेगी। यह सरासर गलत है। शो के निर्माताओं का ऐसा कोई इरादा नहीं है। टीवी के बड़े निर्माताओं में से एक सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा ने अपने बयान में यह साफ कर दिया है कि संजीवनी का कोई नया सीजन शुरू नहीं होने वाला है। उन्होंने बताया, 'संजीवनी एक चिकित्सा आधारित शो था, और हम एक और इसी जॉनर का शो लाने की तैयारी में हैं। उसकी कहानी पर अभी हम काम कर रहे हैं। प्लेटफॉर्म का भी हमने अभी कोई फैसला नहीं किया है। इसे हम जैसा चाहते हैं, वैसा लिख लेंगे, तभी सारी चीजों का खुलासा करेंगे।'