मशहूर टीवी सीरियल 'उतरन' अभिनेत्री टीना दत्ता इन दिनों सीरियल डायन को लेकर चर्चा में हैं। गौरतलब है कि टीना ने शो की शूटिंग के दौरान को-स्टार के गलत तरीके से छूने का आरोप लगाया था। अब इस आरोप से उन्होंने यू-टर्न ले लिया है। एक बयान जारी कर उन्होंने फिर उनके साथ काम करने की बात कही है।
टीना ने बयान में कहा ' हम दोनों ने इन सभी मतभेदों को दरकिनार कर दिया है और अब एक नई शुरुआत के लिए सोच रहे हैं, बता दूं कि अब मुझे मोहित के साथ काम करने को लेकर कोई परेशानी नहीं हैं, ऐसे में शो के लिए प्रोफेशनल होना दोनों के लिए बहुत जरूरी है, मुझे पूरा यकीन है कि इस नई शुरुआत से चीजें बदलेंगी और सब कुछ ठीक हो जाएगा।
गौरतलब है कि बीते हफ्ते टीना तब सुर्खियों में आ गई थीं जब उन्होंने अभिनेता मोहित मल्होत्रा पर इंटीमेट सीन की शूटिंग के दौरान उन पर गलत तरीके से छूने का आरोप मढ़ा था। टीना ने कहा था जब टीवी शो को शूट करने की बात होती है तो सामने परेशानियां ही परेशानियां खड़ी हो जाती हैं, इनमें कई बहुत ही दुखदायी होती है। टीना ने इस मामले को प्रोड्क्शन टीम के सामने भी रखा था। ऐसे में उन्होंने भी उनकी मदद की थी। टीना का मानना है कि वह बालाजी के साथ काम करके बेहद खुश हैं।
वहीं, इन आरोपों पर जब अभिनेता मोहित से एक इंटरव्यू में पूछा गया था तो उन्होंने बताया कि जब टीना शूट के दौरान उनके साथ असहज थी तो उन्हें उस दौरान ही बताना चाहिए था। बता दें कि मीडिया में खबर आने के बाद ही मोहित को इस बारे में पता चला था। मोहित ने इन सबको महज एक गलतफहमी करार दिया। उन्होंने यह भी कहा कि अब सब कुछ ठीक हो गया है।
इस बीच चौंकाने वाली बात यह भी थी कि टीना ने मोहित पर झूठा बयान देने का भी आरोप मढ़ा था। टीना ने ही कहा था ' मोहित गुस्सैल और बिगडै़ल किस्म के व्यक्ति हैं, वे शूट के दौरान पहले भी ऐसा कई बार कर चुके हैं और उन्होंने इस बारे में खुलकर इसलिए बात की क्योंकि उनको लगने लगा कि अब वह और सहनशक्ति नहीं दिखा सकती हैं।' वहीं, इस मामले में एकता कपूर ने दोनों ही को मामला खुद सुलझाने की बात कही।